LIVE गुरुवार, 14 मई 2026
Advertisement Vastu Guruji
देश

भारतीय किसान यूनियन कादियां ने आज समराला के घुलाल टोल प्लाजा को फ्री कर दिया

फतेहगढ़ 
भारतीय किसान यूनियन कादियां ने आज समराला के घुलाल टोल प्लाजा को फ्री कर दिया। यह विरोध पंजाब के नौजवानों की बजाय अन्य राज्यों के गैर-पंजाबी व्यक्तियों को नौकरी देने के खिलाफ किया गया। संगठन ने आरोप लगाया कि पंजाब में बने टोल प्लाजा पर न सिर्फ गैर-पंजाबी कर्मचारियों को तैनात किया जा रहा है, बल्कि उन्हें कम वेतन देकर आर्थिक शोषण भी किया जा रहा है।

भारतीय किसान यूनियन कादियां की ओर से आज सुबह लुधियाना-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित टोल प्लाजा पर धरना देते हुए सभी वाहनों को टोल से मुक्त कर दिया गया। संगठन के जिला प्रधान हरदीप सिंह कादियां ने बताया कि टोल प्लाजा पर पंजाब के नौजवानों को 28,000 रुपए महीने की जगह कथित तौर पर बाहरी राज्यों से आए लोगों को केवल 14,000 रुपए में भर्ती किया जा रहा है और उनसे 12-12 घंटे की ड्यूटी ली जा रही है। उन्होंने कहा कि जब तक यहां गैर-पंजाबियों की जगह पंजाबियों को नौकरी नहीं दी जाती, संगठन टोल प्लाजा को फ्री रखेगा और किसी वाहन से टोल वसूली नहीं होने दी जाएगी।

उधर, टोल प्लाजा के मैनेजर यादविंदर सिंह ने बताया कि उन्होंने पहले ही टोल प्लाजा पर 28 कर्मचारी नियुक्त किए हुए हैं और पंजाब के सभी टोल प्लाजा पर कंपनियों द्वारा 5 से 10 पंजाबी कर्मचारी तैनात किए ही जाते हैं। उन्होंने कहा कि यह पहला टोल प्लाजा है जहां संगठनों द्वारा अतिरिक्त कर्मचारियों की भर्ती के लिए दबाव डाला जा रहा है। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की रिपोर्ट कंपनी को भेज दी गई है। 

Rana Sikander
लेखक / Author

Versatile journalist with experience in conducting in-depth interviews, analyzing complex data, and producing compelling narratives.