LIVE मंगलवार, 16 जून 2026
Advertisement Vastu Guruji
छत्तीसगढ़

अवैध खनन पर बड़ा प्रहार: 2 चैन माउंटेन मशीन और रेत से भरा हाइवा जब्त

अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए खनिज विभाग और पुलिस ने 2 मशीनें और रेत लोड हाइवा जब्त किया।

गरियाबंद में जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर बीएस उइके के मार्गदर्शन में खनिज विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 2 चैन माउंटेन मशीन और रेत से लदे एक हाइवा वाहन को जब्त किया है। इस कार्रवाई से अवैध खनन में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।

खनिज विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, 24 मई 2026 की रात करीब 2:30 बजे संयुक्त टीम ने ग्राम पितईबंद स्थित महानदी क्षेत्र में छापेमारी की। इस दौरान अवैध उत्खनन में लगी एक चैन माउंटेन मशीन को मौके से जब्त किया गया। प्रशासन ने सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए मशीन को ग्राम पंचायत पितईबंद के सरपंच की सुपुर्दगी में सौंप दिया है।

इसी कार्रवाई के दौरान राजिम से फिंगेश्वर मार्ग पर रेत से भरे एक हाइवा वाहन को भी पकड़ा गया। वाहन के पास वैध दस्तावेज नहीं पाए जाने पर उसे जब्त कर आगे की जांच और कानूनी प्रक्रिया के लिए पांडुका थाना में रखा गया है। अधिकारियों ने बताया कि अवैध परिवहन पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और बिना अनुमति खनिज परिवहन करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।

वहीं 25 मई 2026 को खनिज विभाग ने एक और कार्रवाई करते हुए ग्राम नांगझर, तहसील छुरा में अवैध खनिज उत्खनन करते पाए जाने पर संबंधित मशीन/वाहन को जब्त किया। इस मशीन को थाना फिंगेश्वर की अभिरक्षा में रखा गया है और मामले की जांच की जा रही है।

विज्ञापन
Advertisement

खनिज विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। प्रशासन की प्राथमिकता प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाना है। अधिकारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

माइनिंग सहायक अधिकारी अर्चना ठाकुर और माइनिंग इंस्पेक्टर कोमल ध्रुव ने बताया कि जिले में अवैध खनन की रोकथाम के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। प्रशासन और पुलिस के संयुक्त प्रयासों से ऐसे मामलों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा रहा है।

Dipti Das
लेखक / Author

दीप्ति दास दबंग आवाज़ की संवाददाता हैं, जो विभिन्न विषयों पर सटीक और संतुलित रिपोर्टिंग के लिए जानी जाती हैं।