LIVE शुक्रवार, 8 मई 2026
Advertisement Vastu Guruji
देश

गर्मी के कारण सब्जी मंडी और फ्रूट मंडी में बिकने वाले फल फ्रूट और सब्जियों की कीमतों में भारी गिरावट

लुधियाना 
आग उगल रही भयानक गर्मी के कारण महानगर की बहादर के रोड स्थित होलसेल सब्जी मंडी का कारोबार औंधे मुंह नीचे जा गिरा है। आमतौर पर ग्राहकों की भीड़ से खचाखच भरी रहने वाली मंडी में मौजूदा समय दौरान सुबह 11 बजते ही सन्नाटा पसरने लगा है। खरीदारों की भारी किल्लत और भयानक गर्मी के कारण सब्जी मंडी और फ्रूट मंडी में बिकने वाले फल फ्रूट और सब्जियों की कीमतों में भारी गिरावट बनी हुई है। हालात ये बने हुए हैं कि किसानों और आढ़ती भाईचारे द्वारा अपनी दुकानों और फड़ों पर बिक्री के लिए लगाए गए फल-सब्जी के लिफाफे और पेटियां बाद दोपहर तक ज्यों के त्यों ही पड़े रहते हैं।

समझ से परे होने लगा कारोबार
लुधियाना फ्रूट मंडी आढ़ती एसोसिएशन के चेयरमैन इंद्रजीत सिंह कुकू ने कहा कि आसमान से आग बरस रही है और भयानक गर्मी के कारण होलसेल मंडी में सुबह 11 बजते ही यहां पर मानो मंडी में कर्फ्यू लग गया हो। यहां काम का एक दिन सही लग जाता है तो सप्ताह के बाकी दिन खरीदार ढूंढे से भी नहीं मिलते हैं। 

करोड़ों का उधार फंसा
फ्रूट के होलसेल कारोबारी कुशल सिंह ने बताया कि बाजार में छाई भारी मंदी के कारण कई बार गली-मोहल्ले में रेहड़ों पर माल बेचने वालों को उधार में माल देना पड़ता है जिसके चलते अधिकतर आढ़तियों की बाजार में करोड़ों रुपए का उधार फंसा हुआ है।

आढ़तियों को पड़ रही दोहरी मार
आलू प्याज के बड़े कारोबारी गुरविंदर सिंह मंगा ने कहा कि असल में सब्जी मंडी का करीब 70 प्रतिशत काम गली मोहल्ले में माल की बिक्री करने वाले प्रवासी मजदूरो और रिटेल मंडी के दुकानदारों पर निर्भर करता है । गत दिनों बड़ी संख्या में प्रवासी मजदूर अपने पैतृक गांव को वापस लौट गए हैं जो कि अभी तक वापस नहीं लौटे हैं। लेबर की भारी कमी और पड़ रही भयानक गर्मी दोनों की मार आढ़ती भाईचारे को पड़ रही है।
 
सब्जी की कीमतें
किस्म ____होलसेल कीमत
1.भिंडी __15 से 20 रु किलो
2.टमाटर __ 20 से 30 रु
3.आलू____ 13 से 15 रु
4.नींबू ____ 35 से 40 रु
5.खीरा चाइनीज_ 15 से 20 रु
6.हरी मिर्ची __ 15 से 20 रु
7.अदरक_____50 से 60 रु
8.तोरी ____ 10 से 12 रु
9.करेला ___ 20 से 22 रु

 

Rana Sikander
लेखक: Rana Sikander

Versatile journalist with experience in conducting in-depth interviews, analyzing complex data, and producing compelling narratives.