LIVE गुरुवार, 14 मई 2026
Advertisement Vastu Guruji
मध्य प्रदेश

गर्मी की तपिश में ठंडे जल की सौगात, भोपाल मंडल स्काउट एवं गाइड द्वारा निःशुल्क जल सेवा का शुभारंभ

भोपाल

मंडल रेल प्रबंधक श्री देवाशीष त्रिपाठी के मार्गदर्शन में यात्रियों की सुविधा और सेवा भाव को ध्यान में रखते हुए, पश्चिम मध्य रेल भारत स्काउट एवं गाइड, भोपाल मंडल द्वारा आज दिनांक 16 अप्रैल 2025 को भोपाल एवं इटारसी स्टेशनों पर ग्रीष्मकालीन निःशुल्क जल सेवा का शुभारंभ किया गया। यह सेवा आगामी दो माह, अर्थात 15 जून 2025 तक संचालित की जाएगी, जिसमें कुल 50 स्काउट रोवर्स एवं लीडर्स अपनी सेवाएं देंगे।

इस पुनीत पहल का शुभारंभ भोपाल स्टेशन पर स्टेशन प्रबंधक श्री आर. के. मिश्रा, स्टेशन प्रबंधक (वाणिज्य), मंडल मुख्य टिकट निरीक्षक श्री सुनील वर्गीश, एवं वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (कैरिज एंड वैगन) श्री धर्मेश झा की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। स्काउट रोवर्स की यह टीम ट्रेनों में सवार यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर ही ठंडा पेयजल उपलब्ध कराएगी, जिससे उन्हें चलती ट्रेन से उतरने की आवश्यकता नहीं होगी।
रेल प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुविधा हेतु पहले से ही वॉटर कूलर एवं नलों के माध्यम से स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था की जा रही है, वहीं सेवा भाव से प्रेरित कई समाजसेवी संस्थाएं भी यात्रियों की प्यास बुझाने के इस अभियान में कंधे से कंधा मिलाकर कार्य कर रही हैं।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ कटारिया ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में भोपाल मंडल के 11 प्रमुख स्टेशनों — भोपाल, इटारसी, सांची, खिरकिया, हरदा, नर्मदापुरम, संत हिरदाराम नगर, विदिशा, गंजबासौदा, अशोकनगर एवं रूठियाई — पर कुल 11 गैर-सरकारी संगठन सक्रिय रूप से निःशुल्क जल सेवा में सहयोग कर रहे हैं। ये संस्थाएं न केवल यात्रियों को प्लेटफार्म पर पानी पिलाती हैं, बल्कि उनकी खाली बोतलों में ठंडा जल भरने का कार्य भी करती हैं।

विज्ञापन
Advertisement

इस सेवा का मुख्य उद्देश्य यह है कि गर्मी की इस भीषण तपन में मंडल से गुजरने वाला कोई भी यात्री प्यासा न रहे। यात्रियों को यात्रा की थकान और मौसम की परेशानी से राहत मिले, यही इस सेवा का संकल्प है।

मंडल रेल प्रशासन द्वारा इन संस्थाओं को स्टेशन परिसर में जल सेवा संचालन की अनुमति प्रदान की गई है। साथ ही, मंडल रेल प्रशासन ने अन्य सामाजिक संस्थाओं, एनजीओ व रोटरी क्लबों से भी इस सेवा कार्य में सहभागी बनने की अपील की है। मानव सेवा के इस शुभ प्रयास में रेलवे हर संभव सहयोग प्रदान करेगा।

Rana Sikander
लेखक / Author

Versatile journalist with experience in conducting in-depth interviews, analyzing complex data, and producing compelling narratives.