सराफा व्यापारियों ने सर्वसम्मति से प्रत्येक शनिवार दुकानें बंद रखने का निर्णय लिया। नियम उल्लंघन करने पर 5100 रुपये जुर्माना लगाया जाएगा।
खरोरा। नगर के सराफा व्यापारियों ने सामूहिक निर्णय लेते हुए प्रत्येक शनिवार को अपनी ज्वेलर्स एवं सराफा प्रतिष्ठानों को बंद रखने का फैसला किया है। यह निर्णय 31 मई को पॉम पैराडाइज होटल, माँठ में आयोजित सराफा एसोसिएशन खरोरा इकाई की बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया। यह नया नियम आगामी 6 जून से प्रभावी होगा।
बैठक में छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष संजय अग्रवाल की सहमति तथा सराफा इकाई के अध्यक्ष शंभु दयाल सोनी, उपाध्यक्ष राजेंद्र सोनी एवं अन्य पदाधिकारियों की उपस्थिति रही। बैठक में व्यापारियों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई, जिसमें साप्ताहिक अवकाश का मुद्दा प्रमुख रहा।
विस्तृत चर्चा के बाद सभी सराफा व्यापारियों ने ध्वनिमत से प्रस्ताव पारित कर प्रत्येक शनिवार को अपने प्रतिष्ठान बंद रखने पर सहमति जताई। व्यापारियों का मानना है कि इससे व्यवसायियों को साप्ताहिक अवकाश का लाभ मिलेगा तथा संगठनात्मक एकता भी मजबूत होगी।
सराफा इकाई के अध्यक्ष शंभु दयाल सोनी ने बताया कि अधिकांश व्यापारी संगठन के नियमों का पालन करने वाले हैं, फिर भी यदि कोई व्यापारी इस निर्णय का उल्लंघन करता है तो उस पर 5100 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। इस प्रस्ताव का उपस्थित सभी व्यापारियों ने स्वागत किया और एकजुटता का परिचय देते हुए इसे स्वीकार किया।
बैठक में खरोरा नगर के प्रमुख सराफा व्यवसायी शामिल हुए, जिनमें शंभु दयाल सोनी (अम्बे ज्वेलर्स), विवेक सोनी (श्री महावीर ज्वेलर्स), अनिल अग्रवाल (महालक्ष्मी ज्वेलर्स), संदीप सोनी (बालाजी ज्वेलर्स), राजेंद्र सोनी (श्री विनायक ज्वेलर्स), ऋषि चावला (गुरुचरण ज्वेलर्स), सुरेश सोनी (खीवराज ज्वेलर्स), पवन सोनी (शिव शक्ति ज्वेलर्स), मोनू देवगन (साधना ज्वेलर्स), सूरज सोनी एवं आकाश सोनी (सूरज सोना ज्वेलर्स) प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
व्यापारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि यह निर्णय संगठन की मजबूती और व्यापारिक हितों के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।










