यूनियन क्लब में छत्तीसगढ़ टेनिस प्रीमियर लीग का शुभारंभ, 100 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, तीन दिन होंगे रोमांचक मुकाबले।
रायपुर। राजधानी रायपुर के प्रतिष्ठित यूनियन क्लब में शुक्रवार को छत्तीसगढ़ टेनिस प्रीमियर लीग (सीटीपीएल) का भव्य शुभारंभ हुआ। खेल प्रेमियों, खिलाड़ियों और आयोजकों की मौजूदगी में आयोजित उद्घाटन समारोह में छत्तीसगढ़ टेनिस संघ के महासचिव गुरुचरण सिंह होरा ने प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया तथा सभी प्रतिभागियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
तीन दिनों तक चलने वाली इस बहुप्रतीक्षित प्रतियोगिता में प्रदेशभर से आए 100 से अधिक खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे। 12 जून से 14 जून तक आयोजित होने वाली इस लीग में रोमांचक मुकाबलों के जरिए दर्शकों को उच्चस्तरीय टेनिस देखने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता का आयोजन वचन दूध और ईर्षा हॉस्पिटल के तत्वावधान में किया जा रहा है।
आयोजन की सफलता में केवी रेड्डी (वचन दूध), अंशुमन चौहान (ईर्षा हॉस्पिटल), तुषार मांडलेकर (टेनिस कोच), उत्कर्ष मिश्रा (आयोजनकर्ता) तथा महेश द्विवेदी का विशेष योगदान रहा है। आयोजकों ने बताया कि इस लीग का उद्देश्य प्रदेश में टेनिस को बढ़ावा देना और युवा खिलाड़ियों को बेहतर मंच प्रदान करना है।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ टेनिस संघ के महासचिव गुरुचरण सिंह होरा ने कहा कि छत्तीसगढ़ टेनिस प्रीमियर लीग केवल एक प्रतियोगिता नहीं बल्कि प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का मजबूत माध्यम है। ऐसे आयोजन खिलाड़ियों को अपनी क्षमता साबित करने का अवसर देते हैं और उनमें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा प्रदेश के खेल मंत्री अरुण साय के नेतृत्व में राज्य में खेल गतिविधियों को नई दिशा मिल रही है। सरकार लगातार खेल अधोसंरचना को मजबूत करने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य कर रही है, जिसका लाभ प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को मिल रहा है।
गुरुचरण सिंह होरा ने विश्वास जताया कि राज्य सरकार के प्रयासों और खेल संगठनों के सहयोग से छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खेलों का माहौल तेजी से बेहतर हुआ है और युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए नए अवसर मिल रहे हैं।
उन्होंने छत्तीसगढ़ टेनिस संघ के अध्यक्ष डॉ. हिमांशु द्विवेदी के प्रयासों की भी सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में प्रदेश में टेनिस को नई पहचान मिली है। खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, प्रतियोगिताओं में भागीदारी और अपनी प्रतिभा निखारने के लिए उत्कृष्ट मंच उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रहेंगे, जिससे छत्तीसगढ़ में टेनिस को नई ऊंचाइयां मिलेंगी और युवा खिलाड़ियों के सपनों को नई उड़ान मिलेगी।




