LIVE मंगलवार, 16 जून 2026
Advertisement Vastu Guruji
छत्तीसगढ़

29 मई को रायपुर में मनाया जाएगा गुरु अर्जुन देव जी का शहीदी दिवस, शास्त्री चौक में विशाल छबील सेवा का आयोजन

29 मई को गुरु अर्जुन देव जी के शहीदी दिवस पर दशमेश सेवा सोसायटी द्वारा विशाल छबील सेवा आयोजित होगी।

रायपुर। सिख धर्म के पांचवें गुरु एवं शहीदों के सरताज गुरु अर्जुन देव जी का शहीदी दिवस 29 मई को राजधानी रायपुर में श्रद्धा, सेवा और मानवता के संदेश के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर गुरु साहिब की शहादत को समर्पित विभिन्न सेवा कार्यों का आयोजन किया जाएगा। इसी कड़ी में दशमेश सेवा सोसायटी द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी शुक्रवार, 29 मई को शास्त्री चौक में विशाल छबील (शरबत) एवं शीतल पेयजल वितरण सेवा का आयोजन किया जा रहा है।

दशमेश सेवा सोसायटी के पदाधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि यह सेवा कार्यक्रम सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक लगातार संचालित होगा। कार्यक्रम के दौरान राहगीरों, आम नागरिकों एवं जरूरतमंद लोगों को भीषण गर्मी से राहत देने के उद्देश्य से ठंडा शरबत और शीतल पेयजल वितरित किया जाएगा। संस्था ने शहरवासियों, समाजसेवियों एवं गणमान्य नागरिकों से इस पुण्य सेवा में शामिल होकर गुरु साहिब की शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की है।

सोसायटी के सदस्यों ने बताया कि यह आयोजन केवल सेवा कार्य तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में भाईचारा, प्रेम और मानवता के संदेश को मजबूत करने का भी माध्यम है। गुरु अर्जुन देव जी की शहादत त्याग, सहनशीलता और मानव कल्याण के लिए समर्पण की मिसाल मानी जाती है। उनका जीवन आज भी लोगों को सेवा, धैर्य और निस्वार्थ भाव से समाज के लिए कार्य करने की प्रेरणा देता है।

कार्यक्रम को लेकर दशमेश सेवा सोसायटी की ओर से ग्रैंड ग्रुप के चेयरमैन सरदार गुरुचरण सिंह होरा को भी आमंत्रण पत्र सौंपा गया है। संस्था के सदस्यों ने बताया कि श्री होरा पिछले 30 वर्षों से सेवा कार्यों से जुड़े हुए हैं और समाजहित में उनके योगदान को पूरे प्रदेश में सराहा जाता है। इसी वजह से उन्हें इस वर्ष के विशाल छबील वितरण कार्यक्रम में विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है।

विज्ञापन
Advertisement

इस अवसर पर सरदार गुरुचरण सिंह होरा ने कहा कि दशमेश सेवा सोसायटी वर्षों से मानव सेवा और समाजहित के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि गुरु अर्जुन देव जी का जीवन त्याग, सेवा, सहनशीलता और मानवता का प्रतीक है। उनकी शहादत पूरी मानवता को प्रेम, भाईचारे और निस्वार्थ सेवा का संदेश देती है।

उन्होंने आगे कहा कि भीषण गर्मी के बीच आम लोगों को राहत पहुंचाने के लिए छबील सेवा का आयोजन अत्यंत सराहनीय पहल है। ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा, सामाजिक समरसता और आपसी सद्भाव को मजबूत करने का कार्य करते हैं। उन्होंने सभी लोगों से इस सेवा कार्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और गुरु साहिब के बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।

इस मौके पर राजेंद्र सिंह भूटानी, दिलेंदर सिंह ढिल्लन, कमलजीत सिंह गुम्बर एवं लवली अरोरा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

29 मई को गुरु अर्जुन देव जी के शहीदी दिवस पर दशमेश सेवा सोसायटी द्वारा विशाल छबील सेवा आयोजित होगी।

Dipti Das
लेखक / Author

दीप्ति दास दबंग आवाज़ की संवाददाता हैं, जो विभिन्न विषयों पर सटीक और संतुलित रिपोर्टिंग के लिए जानी जाती हैं।