LIVE बुधवार, 17 जून 2026
Advertisement Vastu Guruji
छत्तीसगढ़

सेवा, समर्पण और मानवता का संदेश: गुरु अर्जुन देव जी के शहीदी दिवस पर विशेष आयोजन

गुरु अर्जुन देव जी के शहीदी दिवस पर रायपुर में दशमेश सेवा सोसाइटी ने छबील सेवा कर मानवता, सेवा और भाईचारे का संदेश दिया।

रायपुर। सिख धर्म के पंचम गुरु, गुरु श्री अर्जुन देव जी के शहीदी दिवस पर रायपुर के शास्त्री चौक में दशमेश सेवा सोसाइटी द्वारा श्रद्धा और सेवा भाव के साथ छबील सेवा का आयोजन किया गया। भीषण गर्मी के बीच राहगीरों और आमजन को मीठा शरबत एवं चना प्रसाद वितरित कर गुरु जी की शहादत को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। कार्यक्रम में सिख समाज के अनेक गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता निभाई और गुरु साहिब के बताए सेवा, समर्पण एवं मानवता के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।

इस अवसर पर विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि गुरु श्री अर्जुन देव जी का बलिदान संपूर्ण मानवता के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि सिख समाज हमेशा सेवा, समर्पण और भाईचारे की मिसाल पेश करता आया है। भीषण गर्मी में लोगों को मीठा शरबत और प्रसाद वितरित कर दशमेश सेवा सोसाइटी ने सच्ची मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि गुरु जी के बताए सत्य, सेवा और मानव कल्याण के मार्ग पर चलने का संकल्प सभी को लेना चाहिए।

अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा ने कहा कि गुरु अर्जुन देव जी की शहादत त्याग, तपस्या और धर्म की रक्षा का सर्वोच्च प्रतीक है। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब का समानता, सेवा और मानवता का संदेश आज भी समाज को नई दिशा प्रदान करता है। उन्होंने छबील सेवा की सराहना करते हुए कहा कि भीषण गर्मी में जरूरतमंदों को शरबत और प्रसाद वितरित करना गुरु साहिब की शिक्षाओं को जीवंत बनाए रखने का माध्यम है।

ग्रैंड ग्रुप के चेयरमैन गुरुचरण सिंह होरा ने कहा कि गुरु अर्जुन Dev जी की शहादत सत्य, धर्म और मानवता की रक्षा के लिए दिया गया अतुलनीय बलिदान है। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब ने पूरी दुनिया को प्रेम, सेवा, सहनशीलता और भाईचारे का संदेश दिया, जिसे अपनाकर समाज में एकता और सद्भाव को मजबूत किया जा सकता है।

विज्ञापन
Advertisement

संयोजक प्रीतपाल सिंह होरा ने कहा कि गुरु अर्जुन देव जी ने ‘आदि ग्रंथ’ का संकलन कर सिख धर्म को आध्यात्मिक दिशा प्रदान की। उनका जीवन सत्य, सेवा और त्याग का प्रतीक रहा। उनका शहीदी दिवस धर्म और मानवता की रक्षा के लिए दिए गए महान बलिदान की याद दिलाता है।

कार्यक्रम में अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा, ग्रैंड ग्रुप के चेयरमैन गुरुचरण सिंह होरा, संयोजक प्रीतपाल सिंह होरा, पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा, पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, जसबीर सिंह भाटिया, परविंदर सिंह भाटिया, बलविंदर सिंह अरोरा, राजेंद्र सिंह भूटानी, बॉबी सिंह होरा, दिलेंदर सिंह ढिल्लन, कमलजीत सिंह गुम्बर, लवली सिंह सहित बड़ी संख्या में सिख समाज के लोग उपस्थित रहे।

गौरतलब है कि गुरु अर्जुन देव जी सिख धर्म के प्रथम शहीद गुरु थे, जिन्होंने वर्ष 1606 में धर्म और सिद्धांतों की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया था। उनकी स्मृति में हर वर्ष सिख समुदाय द्वारा छबील सेवा और प्रसाद वितरण कर मानवता एवं सेवा का संदेश दिया जाता है।

Dipti Das
लेखक / Author

दीप्ति दास दबंग आवाज़ की संवाददाता हैं, जो विभिन्न विषयों पर सटीक और संतुलित रिपोर्टिंग के लिए जानी जाती हैं।