कोरासी गांव में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने जनसंवाद कर केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं की समीक्षा की तथा विकास कार्यों की कई घोषणाएं कीं।
रायपुर, 11 जून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार 12 वर्ष के कार्यकाल पूर्ण होने के अवसर पर चलाए जा रहे विशेष जनसंपर्क अभियान के तहत रायपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल गुरुवार को आरंग विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कोरासी पहुंचे। यहां उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की तथा उनकी जमीनी स्थिति का जायजा लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधारोपण से हुई। इसके बाद आयोजित जनसभा में सांसद अग्रवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुए विकास कार्यों, सुशासन और गरीब कल्याण की योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राम मंदिर निर्माण, धारा 370 की समाप्ति, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत और उज्ज्वला जैसी योजनाओं ने देश के करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।
जनसभा की सबसे खास बात यह रही कि सांसद बृजमोहन अग्रवाल मंच तक सीमित नहीं रहे। वे माइक लेकर सीधे ग्रामीणों के बीच पहुंचे और योजनाओं के लाभों को लेकर सवाल-जवाब किए। उन्होंने ग्रामीणों से पूछा कि क्या घर-घर नल जल पहुंचा है, आयुष्मान कार्ड बने हैं और प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिला है। ग्रामीणों ने इन योजनाओं के सफल क्रियान्वयन की जानकारी देते हुए सकारात्मक प्रतिक्रिया दी।
राम मंदिर निर्माण और धारा 370 हटाने जैसे विषयों पर भी सांसद ने ग्रामीणों की राय जानी, जिस पर सभा स्थल जय श्रीराम के उद्घोष और तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
जनसंवाद के दौरान ग्रामीणों ने गांव की सड़क और पेयजल समस्या का मुद्दा भी उठाया। सांसद अग्रवाल ने मौके पर ही अधिकारियों से चर्चा कर बरसात के बाद सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने की घोषणा की। साथ ही पेयजल समस्या के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ग्रामीणों की मांग पर सांसद ने कोरासी में डाकघर भवन निर्माण के लिए 5 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की। इसके अलावा विभिन्न महिला स्व-सहायता समूहों एवं स्थानीय संगठनों को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। ग्राम के समग्र विकास के लिए 10 लाख रुपये की अतिरिक्त राशि देने की भी घोषणा की गई।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनना और उनका समाधान सुनिश्चित करना जनप्रतिनिधि की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार गांव, गरीब, किसान, महिला और युवाओं के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है।
कार्यक्रम के बाद सांसद ने ग्रामीणों से व्यक्तिगत मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा रात्रि भोज में शामिल होकर आत्मीय संवाद भी किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक गुरु खुशवंत साहेब सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।




