वरिष्ठ पत्रकार गजेंद्ररथ गर्व को अंबिकापुर में आयोजित साउथ एशिया जनसरोकार सम्मान 2026 से सम्मानित किया जाएगा।
खरोरा/रायपुर। हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्षों का ऐतिहासिक सफर पूर्ण होने के अवसर पर देशभर में विविध आयोजन किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में अंबिकापुर में आयोजित होने जा रहे “साउथ एशिया जनसरोकार सम्मान समारोह 2026” को ऐतिहासिक स्वरूप दिया जा रहा है, जहां देशभर से पत्रकारिता, साहित्य, सामाजिक सरोकार और जनहित से जुड़े प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों को सम्मानित किया जाएगा।
माता राजमोहनी भवन, अंबिकापुर में आयोजित होने वाला “द एक्टिविस्ट नेशनल अवार्ड कार्यक्रम” पत्रकारिता और जनसरोकार के क्षेत्र में एक बड़े महापर्व के रूप में देखा जा रहा है। इस आयोजन में लेखक, साहित्यकार, पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता और एक्टिविस्ट एक मंच पर संवाद करेंगे। साथ ही देश की आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक परिस्थितियों पर विचार-विमर्श एवं गोष्ठियां भी आयोजित की जाएंगी।
इस प्रतिष्ठित आयोजन में रायपुर जिले के खरोरा नगर के वरिष्ठ पत्रकार, लेखक एवं समाजसेवी गजेंद्ररथ गर्व को “जनसरोकार सम्मान 2026” के लिए चयनित किया गया है। विशेष बात यह है कि उन्हें कार्यक्रम में बतौर प्रवक्ता संबोधन के लिए भी आमंत्रित किया गया है, जो क्षेत्र और प्रदेश के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है।
गजेंद्ररथ गर्व वर्तमान में छत्तीसगढ़िया पत्रकार महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं। वे पूर्व में प्रतिष्ठित समाचार चैनल IBC24 और विस्तार न्यूज चैनल में राजभाषा छत्तीसगढ़ी के संपादक की महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं। वर्तमान में वे प्रदेशवाद पत्रिका के संपादक हैं और लंबे समय से स्थानीय पत्रकारों के अधिकारों की लड़ाई लड़ते रहे हैं।
इसके साथ ही वे प्रदेश की भाषाई अस्मिता, जल-जंगल-जमीन और क्षेत्रीय पहचान से जुड़े मुद्दों पर मुखर भूमिका निभाते रहे हैं। वे प्रदेश की प्रमुख गैर-राजनीतिक संस्था छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के प्रदेश प्रवक्ता के रूप में भी सक्रिय हैं और लगातार प्रादेशिक अस्मिता की मजबूत आवाज बनकर कार्य कर रहे हैं।
गजेंद्ररथ गर्व को राष्ट्रीय स्तर के इस सम्मान के लिए चुने जाने पर छत्तीसगढ़िया पत्रकार महासंघ के प्रदेश संगठन, जिला इकाइयों एवं खरोरा इकाई के पदाधिकारियों सहित नगर के प्रबुद्ध नागरिकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दी हैं।
वहीं छत्तीसगढ़ फिल्म एसोसिएशन ने भी अपने प्रदेश प्रवक्ता, फिल्म लेखक एवं निर्देशक गजेंद्ररथ गर्व को इस उपलब्धि पर बधाई दी है। इसके अलावा छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के प्रदेश संरक्षक दादा ठाकुर राम गुलाम सिंह और प्रदेश अध्यक्ष दिलीप मिरी ने इसे प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।










