LIVE बुधवार, 17 जून 2026
Advertisement Vastu Guruji
छत्तीसगढ़

खेल प्रतिभाओं को मिला नया हौसला: आर्ट ऑफ गिविंग संस्था ने बांटी वॉलीबॉल सामग्री, गांव-गांव से निकलेंगे राष्ट्रीय खिलाड़ी

आर्ट ऑफ गिविंग संस्था ने वॉलीबॉल खिलाड़ियों को बॉल और नेट वितरित कर खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन दिया।

रायपुर। राजधानी रायपुर के महादेव घाट स्थित श्री हटकेश्वर नाथ वॉलीबॉल क्लब में रविवार को खेल और खिलाड़ियों के उत्साह से भरा प्रेरणादायक आयोजन संपन्न हुआ। सामाजिक संस्था आर्ट ऑफ गिविंग द्वारा छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों और खेल मैदानों के लिए वॉलीबॉल बॉल एवं नेट का वितरण किया गया। कार्यक्रम में खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, खेल पदाधिकारियों और खेल प्रेमियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक रायपुर पश्चिम राजेश मूणत ने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, संघर्ष और व्यक्तित्व निर्माण का मजबूत माध्यम है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कमी नहीं है, जरूरत केवल सही अवसर और संसाधनों की है। उन्होंने संस्था की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण और छोटे शहरों तक खेल सामग्री पहुंचने से युवाओं को नई प्रेरणा मिलेगी और भविष्य में राज्य के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएंगे।

इस अवसर पर मैट्स यूनिवर्सिटी के चांसलर गजराज पगारिया ने कहा कि शिक्षा और खेल एक-दूसरे के पूरक हैं। स्वस्थ समाज और सशक्त युवा शक्ति के निर्माण में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है और ऐसे आयोजन युवाओं के सपनों को नई उड़ान देते हैं।

छत्तीसगढ़ स्टेट वॉलीबॉल एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मो. अकरम खान ने बताया कि आर्ट ऑफ गिविंग संस्था पूरे देश में खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने का अभियान चला रही है। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों, क्लबों और ग्रामीण क्षेत्रों की सक्रिय वॉलीबॉल समितियों को बॉल और नेट प्रदान किए गए। उन्होंने बताया कि संस्था के संस्थापक डॉ. अच्युत सामंत की पहल से हर वर्ष खिलाड़ियों को खेल सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

विज्ञापन
Advertisement

कार्यक्रम में रायपुर, दुर्ग, भिलाई, महासमुंद, गरियाबंद, बलौदाबाजार, कोरिया, राजनांदगांव, कबीरधाम, बिलासपुर, कोरबा, रायगढ़, सूरजपुर, अंबिकापुर, धमतरी, कांकेर, कोंडागांव, जगदलपुर और दंतेवाड़ा सहित कई जिलों एवं क्लबों को खेल सामग्री वितरित की गई।

इस आयोजन में सतेन्द्र पाण्डेय, अनवर अली, विनोद नायर, मंगलेश्वर सिंह, रमाकांत निषाद, गुरमीत सिंह, राजेन्द्र वर्मा, आशुतोष शर्मा, प्रांजल दास सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, खेल पदाधिकारी और खेल प्रेमी उपस्थित रहे। आयोजन ने प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों को नया उत्साह और आगे बढ़ने का संकल्प दिया।


रायपुर में आर्ट ऑफ गिविंग संस्था ने वॉलीबॉल खिलाड़ियों को बॉल और नेट वितरित कर खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन दिया।

Dipti Das
लेखक / Author

दीप्ति दास दबंग आवाज़ की संवाददाता हैं, जो विभिन्न विषयों पर सटीक और संतुलित रिपोर्टिंग के लिए जानी जाती हैं।