LIVE शनिवार, 16 मई 2026
Advertisement Vastu Guruji
उत्तर प्रदेश

पीलीभीत टाइगर रिजर्व का पर्यटन सत्र 15 जून को होगा समाप्त, फिर पांच माह तक नहीं कर सकेंगे बाघ के दीदार

पीलीभीत 
पीलीभीत टाइगर रिजर्व का पर्यटन सत्र 15 जून को समाप्त हो जाएगा। अगर आप जंगल की सैर और बाघ के दीदार करना चाहते हैं तो सिर्फ चार दिन तक मौका है। इसके बाद पीटीआर के द्वार बंद हो जाएंगे। जंगल की खूबसूरती और बाघों की निराली दुनिया से सुर्खियों में रहने वाले पीलीभीत टाइगर रिजर्व (पीटीआर) के पर्यटन सत्र में सैलानी चार दिन और घूम सकते हैं। 15 जून को शाम सात बजे पीटीआर के द्वार पांच माह के लिए बंद कर दिए जाएंगे। इसके लिए मंगलवार देर रात प्रधान मुख्य वन संरक्षक की ओर से आदेश जारी किया गया है। पीटीआर में अबतक 50 हजार से अधिक सैलानी पहुंच चुके हैं।

महोफ रेंज में स्थित प्रमुख पर्यटन स्थल चूका बीच देश में मिनी गोवा के रूप में प्रसिद्ध है। सात माह तक चलने वाले पीटीआर के पर्यटन सत्र के द्वार 15 नवंबर को आम सैलानियों को खोल दिए जाते हैं। इसके बाद से देश-विदेश से सैलानियों की बेहतर आमद होती है। पीटीआर के पर्यटन में चूका बीच का अद्भुत नजारे के साथ जंगल की खूबसूरती व उसमें विचरण करते बाघों का दीदार सैलानियों को रोमांचित करता है। लगभग हर सफारी में सैलानियों को प्रतिदिन बाघों के दीदार करने को मिलते हैं। 

विभागीय अफसरों का दावा है कि इस सत्र में हर रोज सैलानियों को बाघों के दीदार हुए। अन्य टाइगर रिजर्व की तुलना में पीटीआर इस मामले में सबसे आगे है। यही वजह है कि पीटीआर में सैलानियों की आमद पूर्व के रिकॉर्ड को तोड़ती जा रही है। इस बार अबतक करीब 50 हजार से अधिक सैलानी घूमने आ चुके हैं। इधर 15 जून को पर्यटन सत्र बंद होने का आदेश जारी हो गया है। ऐसे में चार दिन शेष होने के चलते सैलानियों की संख्या बढ़ सकती है। 

चूका बीच की हटें बुक, जंगल सफारी के लिए उमड़ रही भीड़
पर्यटन सत्र समाप्त होने का समय नजदीक आते ही पीटीआर घूमने के शौकीन सैलानियों की आमद बढ़ गई है। चूका बीच पर बनी थारू हट, ट्री हट, बंबू हट 15 जून तक के लिए बुक हो चुकी हैं। वहीं जंगल सफारी के लिए रोजाना दोनों शिफ्टों में सैलानियों की संख्या बढ़ी है। सुबह से ही मुस्तफाबाद और महोफ गेट पर सैलानियों की भीड़ उमड़ रही है। पीटीआर प्रशासन की ओर से जोन 1 व जोन 2 में जंगल सफारी वाहनों को भेजा जाता है। 

विज्ञापन
Advertisement

चार सौ से ज्यादा विदेशी सैलानी भी कर चुके भ्रमण
पीलीभीत टाइगर रिजर्व की खूबसूरती के न सिर्फ देश बल्कि विदेशी सैलानी भी कायल हैं। इस सत्र में अबतक चार सौ से अधिक सैलानी चूका बीच का भ्रमण करने आ चुके हैं। पिछले सत्र की अपेक्षा विदेशी सैलानियों की संख्या में काफी इजाफा हुआ है। इसमें अमेरिका, कनाडा, अफ्रीका समेत अन्य देशों के सैलानी शामिल रहे।
महोफ रेंजर सहेंद्र यादव ने बताया कि पीटीआर सत्र का अंतिम दौर चल रहा है। ऐसे में सैलानियों की भीड़ में इजाफा हुआ है। सभी हटें भी बुक हैं। जंगल सफारी के लिए सैलानियों की भीड़ उमड़ रही है। सुविधा के साथ सुरक्षा बिंदुओं पर भी ध्यान दिया जा रहा है।  

Rana Sikander
लेखक / Author

Versatile journalist with experience in conducting in-depth interviews, analyzing complex data, and producing compelling narratives.