प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्ष पूर्ण होने पर रायपुर पहुंचे केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह का सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने स्वागत कर विकास योजनाओं पर चर्चा की।
रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए केंद्रीय वस्त्र उद्योग मंत्री गिरिराज सिंह रायपुर पहुंचे। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने उनका आत्मीय स्वागत किया और प्रदेश में चल रहे विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के रायपुर आगमन को लेकर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। एयरपोर्ट पर स्वागत के दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से अभिनंदन किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुए विकास कार्यों और जनहितकारी योजनाओं की उपलब्धियों पर भी चर्चा हुई।
स्वागत कार्यक्रम के बाद केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने पहुना में बैठक कर प्रदेश के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। बैठक में केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति, उनके प्रभावी क्रियान्वयन और आम जनता तक लाभ पहुंचाने की रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने केंद्रीय मंत्री को छत्तीसगढ़ में संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं की जानकारी दी और प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में आधारभूत संरचना, कृषि, उद्योग तथा सामाजिक विकास से जुड़े कार्यों की प्रगति से अवगत कराया। वहीं केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भी केंद्र सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और विकास की गति को और तेज करने पर जोर दिया।
दोनों नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल को देश के विकास, सुशासन और जनकल्याण के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इस अवधि में भारत ने कई क्षेत्रों में नई उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए केंद्र और राज्य के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर भी बल दिया।
कार्यक्रम के दौरान पार्टी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की भी उपस्थिति रही। भाजपा नेताओं ने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से छत्तीसगढ़ में विकास कार्यों को और गति मिलेगी तथा जनता को योजनाओं का अधिकतम लाभ प्राप्त होगा।




