छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने PM मोदी को राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ ‘अमृत रजत महोत्सव’ में शामिल होने का न्योता दिया और विकास योजनाएं साझा कीं।
नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार भेंट की और उन्हें 1 नवंबर 2025 को रायपुर में आयोजित होने वाले ‘अमृत रजत महोत्सव’ में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आमंत्रण दिया। यह आयोजन राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में मनाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर को छत्तीसगढ़ के लिए ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की उपस्थिति इस समारोह को विशेष गौरव प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को राज्य सरकार की विकास योजनाओं, प्राथमिकताओं और कल्याणकारी पहलों की जानकारी भी दी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ निरंतर प्रगति की राह पर अग्रसर है। उन्होंने ‘अंजोर विज़न @2047’ दस्तावेज़ का उल्लेख किया, जिसमें राज्य के समावेशी और सतत विकास की रूपरेखा तैयार की गई है। इस विज़न के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, नवाचार, पर्यावरण और उद्योग जैसे क्षेत्रों में व्यापक सुधार और तकनीक आधारित पहलें प्रस्तावित हैं।
Read It Loud
न्याय व्यवस्था में सुधार
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि राज्य सरकार ने केंद्र के ‘जन विश्वास अधिनियम 2023’ से प्रेरित होकर ‘जन विश्वास विधेयक 2025’ पारित किया है, जिससे न्यायिक प्रक्रिया में पारदर्शिता आई है और आम नागरिकों की न्याय तक पहुंच अधिक सहज हुई है।
राजधानी विकास और औद्योगिक निवेश
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को नवा रायपुर के योजनाबद्ध विकास की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य राजधानी क्षेत्र विकास प्राधिकरण (SCRDA) के माध्यम से राजधानी क्षेत्र को स्मार्ट और आधुनिक शहरी केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।
औद्योगिक क्षेत्र में हो रही प्रगति पर मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार की नई औद्योगिक नीति 2024-30 लागू होने के बाद निवेशकों की रुचि बढ़ी है। सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से उद्योग स्थापना प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाया गया है। 1000 से अधिक लोगों को रोजगार देने वाले उद्योगों को विशेष प्रोत्साहन दिए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि नवंबर 2024 से जुलाई 2025 के बीच राज्य को 84 कंपनियों से कुल 6.65 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। नवा रायपुर में देश की पहली सेमीकंडक्टर यूनिट की नींव रखी गई है और एआई डेटा सेंटर का निर्माण कार्य भी प्रारंभ हो चुका है। टेक्सटाइल, फार्मा, रेडीमेड गारमेंट और आईटी सेवाओं को प्राथमिकता दी जा रही है जिससे राज्य को तकनीकी और औद्योगिक हब के रूप में विकसित किया जा रहा है।

शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में पहल
शिक्षा क्षेत्र में सुधार की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षकों और विद्यालयों के युक्तियुक्तकरण से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए कार्यरत है। विशेष रूप से आदिवासी अंचलों में डिजिटल संसाधनों और प्रशिक्षित शिक्षकों की मदद से तकनीक आधारित शिक्षा प्रणाली को बढ़ावा दिया जा रहा है।
स्वास्थ्य क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने रायपुर में विकसित की जा रही ‘मेडिसिटी’ परियोजना का जिक्र किया, जो एक आधुनिक और उत्कृष्ट चिकित्सा केंद्र के रूप में राज्य की पहचान बनाएगी। इसके साथ ही ‘एडु सिटी’ परियोजना पर भी कार्य जारी है, जिससे राज्य को शैक्षिक और चिकित्सा दोनों क्षेत्रों में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की योजना है।
नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास और पुनर्वास
मुख्यमंत्री साय ने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में चल रही पुनर्वास और विश्वास बहाली की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की दूरदर्शी और संवेदनशील नीतियों के कारण बड़ी संख्या में नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में वापसी की है। इन क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, संचार और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, जिससे जनता में शासन के प्रति विश्वास बढ़ा है और वे विकास की प्रक्रिया से जुड़ने को प्रेरित हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने अंत में आशा जताई कि प्रधानमंत्री मोदी की उपस्थिति से अमृत रजत महोत्सव की गरिमा और भी बढ़ेगी और यह छत्तीसगढ़ के उज्जवल भविष्य की ओर एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।










