LIVE बुधवार, 13 मई 2026
Advertisement Vastu Guruji
देश

मंत्री पद की शपथ लेने के बाद प्रवेश वर्मा ने कहा- ‘यमुना की सफाई हमारा सबसे बड़ा संकल्प’

नई दिल्ली
दिल्ली की नई मुख्यमंत्री के रूप में रेखा गुप्ता ने गुरुवार को रामलीला मैदान में शपथ ग्रहण किया। इस अवसर पर प्रवेश वर्मा समेत छह विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। मंत्री पद की शपथ लेने के बाद प्रवेश वर्मा ने मीडिया से बातचीत में यमुना की सफाई को अपनी प्राथमिकता बताया। प्रवेश वर्मा ने कहा कि दिल्ली सरकार की प्राथमिकताओं में यमुना नदी की सफाई सबसे अहम है और यह उनकी सरकार का बड़ा संकल्प है। उन्होंने कहा, "हमारा सबसे बड़ा संकल्प यमुना की सफाई है। यह हमारी जिम्मेदारी है और हम इसे पूरा करेंगे। हम यमुना को पूरी तरह से साफ करेंगे और इसमें कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।"

उन्होंने कहा कि कैबिनेट की पहली बैठक में बहुत महत्वपूर्ण फैसले लिए जाएंगे, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुसार दिल्ली के विकास में सहायक होंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में दिल्ली के विकास को गति देने का आश्वासन दिया। दिल्ली की नई मुख्यमंत्री के रूप में रेखा गुप्ता के साथ छह विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली। उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना ने सबसे पहले मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को शपथ दिलाई, इसके बाद क्रमशः प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, कपिल मिश्रा, पंकज कुमार सिंह और रविंदर इंद्राज सिंह ने शपथ ली।

शपथ ग्रहण में मुख्य मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भी उपस्थित रहे। दूसरे मंच पर धर्मगुरुओं और विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी थी, जबकि तीसरे मंच पर संगीत कार्यक्रम से जुड़े कलाकार थे।

भाजपा विधायक दल की बुधवार शाम हुई बैठक में रेखा गुप्ता को मुख्यमंत्री चुना गया था। उन्होंने मीडिया से कहा था कि पीएम मोदी ने जो दिल्ली की जनता के लिए विजन दिया है, उसे पूरा करना उनकी प्राथमिकता होगी। रेखा गुप्ता दिल्ली की शालीमार बाग सीट से पहली बार विधायक चुनी गई हैं। उन्होंने 'आप' की बंदना कुमारी को 29,595 मतों के अंतर से हराया था।

विज्ञापन
Advertisement

Rana Sikander
लेखक: Rana Sikander

Versatile journalist with experience in conducting in-depth interviews, analyzing complex data, and producing compelling narratives.