LIVE बुधवार, 13 मई 2026
Advertisement Vastu Guruji
देश

पंजाब में चर्चित कंचन कुमारी के कत्ल के आरोपी अमृतपाल सिंह मेहरों को हीरो बताने वाले पोस्टर लगे

चंडीगढ़
पंजाब में चर्चित सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कंचन कुमारी के कत्ल के आरोपी अमृतपाल सिंह मेहरों को हीरो बताने वाले पोस्टर लगे हैं। कंचन कुमारी सोशल मीडिया पर कमल कौर भाभी के नाम से चर्चित थी। कमल कौर भाभी अकसर इंस्टाग्राम समेत कई प्लेटफॉर्म्स पर वीडियोज बनाती थीं और उन्हें धमकियां मिल रही थीं। अमृतपाल सिंह मेहरों समेत कई कट्टरपंथियों ने उन्हें धमकियां दी थीं कि अश्लील वीडियो बनाना बंद करे वरना मुश्किल होगी। कमल कौर भाभी के कत्ल के बाद एक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें अमृतपाल सिंह मेहरों ने हत्या की जिम्मेदारी ली थी। बता दें कि पहले ही एक कट्टरपंथी अमृतपाल सिंह प्रशासन की मुश्किलें बढ़ाता रहा है, जो फिलहाल सांसद है और जेल में बंद है।

अब अमृतपाल सिंह मेहरों के सम्मान में कई पोस्टर लगे दिख रहे हैं, जिनमें उसे कौम दा हीरा और इज्जतां दे रक्खे बताया गया है। लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट पर उपचुनाव होना है और प्रशासन उसमें व्यस्त है। ऐसे में अमृतपाल सिंह मेहरों को हीरो बताने वाले पोस्टरों ने चिंता बढ़ा दी है। माना जा रहा है कि उपचुनाव में भी यह मुद्दा बन सकता है। बता दें कि मेहरों के खिलाफ बठिंडा पुलिस ने लुकआउट नोटिस जारी कर रखा है। एक तरफ ऐसे बैनर लगना चिंता की बात है तो वहीं यह नियमों का उल्लंघन भी है। ऐसा इसलिए क्योंकि उपचुनाव के लिए अधिसूचना लागू है और किसी भी व्यक्ति या संगठन के पक्ष में बैनर नहीं लगाए जा सकते।

कट्टरपंथी सिख संगठनों ने कौम दे रक्खे और कौम दा हीरा जैसी उपाधियां अमृतपाल सिंह मेहरों को दी हैं। अमृतपाल सिंह मेहरों कभी मोटरसाइकिल मेकेनिक हुआ करता था, जो इस हत्याकांड के बाद हीरो बताया जाने लगा है। यदि उसे इस तरह से समर्थन मिला तो पुलिस के लिए भी उसके खिलाफ ऐक्शन लेना मुश्किल होगा। मोगा जिले के मेहरों गांव का रहने वाले अमृतपाल सिंह का अकाल तख्त के मुख्य ग्रंथी मलकीत सिंह ने भी समर्थन किया है। फिलहाल अमृतपाल सिंह मेहरों लुधियाना की लक्ष्मण नगर कॉलोनी में रहता था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

कत्ल के बाद दुबई भाग गया है अमृतपाल सिंह मेहरों
कमल कौर भाभी का शव आदेश यूनिवर्सिटी में कार के अंदर पाया गया था। 9 जून को वह अपने घर से निकली थी और 11 जून को शव पाया गया। इस बात की जानकारी स्थानीय लोगों ने पुलिस को तब दी, जब उन्हें कार से बदबू आई। फिलहाल पुलिस ने लुकआउट नोटिस मेहरों के खिलाफ जारी किया है। इनपुट मिला है कि अमृतपाल सिंह हत्या करने के बाद दुबई चला गया था।

विज्ञापन
Advertisement

 

Rana Sikander
लेखक: Rana Sikander

Versatile journalist with experience in conducting in-depth interviews, analyzing complex data, and producing compelling narratives.