‘गाइये और छा जाइये’ संगीत प्रतियोगिता में विधायक अनुज शर्मा ने युवाओं को प्रतिभा निखारने और संस्कृति से जुड़े रहने का संदेश दिया।
महासमुंद। शहर में संगीत, कला और संस्कृति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित भव्य संगीत प्रतियोगिता ‘गाइये और छा जाइये’ का शानदार आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम में धरसींवा विधायक एवं छत्तीसगढ़ी सिनेमा के सुपरस्टार अनुज शर्मा तथा महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। दोनों अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में जिले और आसपास के क्षेत्रों से आए प्रतिभाशाली कलाकारों एवं उभरते गायकों ने अपनी मधुर प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। देर रात तक चले इस सांस्कृतिक आयोजन में संगीत प्रेमियों की बड़ी संख्या मौजूद रही, जिन्होंने कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
अपने संबोधन में विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि संगीत, कला और संस्कृति छत्तीसगढ़ की पहचान हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की माटी के कण-कण में सुर और ताल बसते हैं तथा यहां के लोग जीवन के हर पड़ाव को गीत-संगीत के माध्यम से अभिव्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि ‘गाइये और छा जाइये’ केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं को अपनी प्रतिभा दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का मंच है।
अनुज शर्मा ने युवाओं से अपनी भाषा, संस्कृति और परंपराओं पर गर्व करने का आह्वान करते हुए कहा कि जो व्यक्ति अपनी जड़ों से जुड़ा रहता है, वही सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंचता है। उन्होंने कहा कि आज के समय में जब लोग अपनी सांस्कृतिक विरासत से दूर होते जा रहे हैं, ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी पहचान से जोड़ने का अवसर मिलता है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती कला और संस्कृति से समृद्ध है और यहां प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। ‘गाइये और छा जाइये’ जैसे मंच ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की छिपी हुई प्रतिभाओं को सामने लाने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। उन्होंने प्रतिभागियों को अपनी कला को निखारने और बड़े मंचों तक पहुंचने के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के दौरान विधायक अनुज शर्मा ने प्रतियोगिता के विजेताओं एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कलाकारों को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रमों को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर कमल जैन सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि, संगीत प्रेमी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने महासमुंद में कला और संस्कृति के प्रति लोगों के उत्साह को नई ऊर्जा प्रदान की।










