LIVE बुधवार, 13 मई 2026
Advertisement Vastu Guruji
देश

हरियाणा के निकाय चुनाव में भाजपा को बंपर जीत मिली, इन 9 शहरों में बनेंगे भाजपा के मेयर

चंडीगढ़
हरियाणा के निकाय चुनाव में भाजपा को बंपर जीत मिली है। विधानसभा चुनाव के बाद यह इलेक्शन भाजपा और कांग्रेस दोनों के लिए ही परीक्षा जैसा था, जिसमें कांग्रेस फिर से फेल होती दिखी है। हालत यह रही है कि हरियाणा के कुल 10 नगर निगमों में से 9 पर भाजपा ने जीत हासिल की है। वहीं मानेसर नगर निगम में निर्दलीय मेयर प्रत्याशी डॉ. इंद्रजीत यादव विजयी रहे हैं। कांग्रेस का 10 में से किसी भी एक सीट पर खाता नहीं खुल सका है। इसके अलावा 21 नगर परिषदों के चुनाव में भी कांग्रेस को करारा झटका लगा है। सोनीपत, पानीपत, गुरुग्राम से लेकर फरीदाबाद तक में भाजपा को जोरदार जीत मिली है। यहां तक कि जुलाना नगर पालिका के चेयरमैन का पद भी भाजपा ने जीता है। जुलाना विधानसभा से विनेश फोगाट ने जीत दर्ज की थी।  

भाजपा के राजीव जैन का सोनीपत में विक्ट्री मार्च
सोनीपत नगर निगम में हुए मेयर पद के उपचुनाव में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। यहां भाजपा के राजीव जैन ने 34 हजार 749 मतों के अंतर से जीत हासिल कर ली है। वहीं, कांग्रेस के कमल दीवान 23 हजार 109 वोट के साथ दूसरे स्थान पर रहे। जाट बहुल सोनीपत के शहरी इलाकों में भाजपा पहले से ही मजबूत रही है। अब एक बार फिर से उसने जीत दर्ज करके दिखाया है कि अब भी लोगों का भरोसा उस पर कायम है।

गुरुग्राम में भी भाजपा का डंका, जीतीं राज रानी मल्होत्रा
गुरुग्राम नगर निगम चुनाव में भी भारतीय जनता पार्टी का डंका बजा है। पार्टी की राज रानी ने 1 लाख 79 हजार 485 मतों के बड़े अंतर से कांग्रेस की सीमा पाहुजा को हराया है। कांग्रेस प्रत्याशी के खाते में 91 हजार 296 वोट आए थे। राज रानी मल्होत्रा को कुल 2,15,754 वोट मिले, जब उनके मुकाबले में उतरीं कांग्रेस की सीमा पाहूजा को महज 65 हजार 764 वोट ही मिले।

हुड्डा के गढ़ रोहतक में भी भाजपा का जलवा
सबसे ज्यादा चर्चा रोहतक के चुनाव परिणाम की है। यह जिला भूपिंदर सिंह हुड्डा का गढ़ माना जाता है, लेकिन यहां भी कांग्रेस को बड़ी हार मिली है। यहां से भाजपा कैंडिडेट राम अवतार ने 45,198 मतों से कांग्रेस के सूरजमल किलोई को हरा दिया है। भाजपा को 102269 और कांग्रेस को 57071 वोट मिले थे। सीट पर तीसरे पर इनेलो और आप चौथे पर रही।

विज्ञापन
Advertisement

फरीदाबाद में भाजपा कैंडिडेट को मिले 4 लाख वोट
फरीदाबाद नगर निगम पर भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी प्रवीण जोशी को 416927 वोट मिले, जबकि कांग्रेस की लता रानी 100075 वोट हासिल कर सकीं। उन्हें 316852 मतों से हार का सामना करना पड़ा। सीट पर तीसरे स्थान आप की निशा दलाल फौजदार का रहा। फरीदाबाद में भाजपा को सबसे बड़ी जीत मिली है।

करनाल में भी कांग्रेस को मिली निराशा
पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्टर के गृह क्षेत्र करनाल नगर निगम चुनाव में कांग्रेस के मनोज वधवा 58 हजार 271 मतों के साथ दूसरे स्थान पर रहे। यहां 83 हजार 630 वोट लेकर भारतीय जनता पार्टी की रेनू बाला गुप्ता ने जीत हासिल की है। उन्होंने कांग्रेस को 25359 मतों के अंतर से हराया है। यह सीट भी पंजाबी बहुल है और भाजपा को यहां परंपरागत रूप से मजबूत माना जाता रहा है।

हिसार में बड़े अंतर से हारी कांग्रेस
हिसार नगर निगम से भाजपा के प्रवीण पोपली ने 64 हजार 456 मतों से जीत दर्ज की है। उन्होंने कांग्रेस के कृष्ण टिटू सिंगला को मात दी। एक ओर जहां पोपली के खाते में 96329 वोट आए। वहीं, सिंगला को 31872 वोट मिले थे।

पानीपत में जीतीं भाजपा की कोमल सैनी
अब बात पानीपत की करें तो यहां भाजपा की कैंडिडेट कोमल सैनी को जीत मिली है। वह 17 राउंड की गिनती के बाद भी 1,08,729 वोटों से आगे चल रही थीं। भाजपा के लिए यह जीत बड़ी है। विधानसभा चुनाव में भाजपा ने हरियाणा में अपने दम पर बहुमत हासिल करके चौंकाया था। फिलहाल भाजपा राज्य में लगातार तीसरी बार सत्ता संभाल रही है।

मानेसर में निर्दलीय इंद्रजीत यादव ने मारी बाजी
गुरुग्राम के पड़ोस में ही स्थित मानेसर में भाजपा और कांग्रेस दोनों को शिकस्त मिली है। यहां से निर्दलीय कैंडिडेट डॉ. इंद्रजीत यादव विजयी रहे हैं। उन्होंने 2,293 वोटों से जीत हासिल की। यादव को कुल 26,393 वोट मिले, जबकि भाजपा के मेयर प्रत्याशी सुंदर लाल 24,100 वोट ही पा सके। वहीं कांग्रेस यहां तीसरे नंबर पर खिसक गई।

अंबाला में जीतीं भाजपा की शैलजा सचदेवा
भाजपा के सीनियर नेता अनिल विज का गढ़ कहे जाने वाले अंबाला में शैलजा सचदेवा को बड़ी जीत मिली है। उन्हें जनता ने शहर का मेयर चुन लिया है।

यमुनानगर में भी भाजपा पर जनता का भरोसा
पंजाब से सटे यमुनानगर शहर में भी जनता ने भाजपा का मेयर चुना है। यहां से भाजपी की कैंडिडेट सुमन बहमनी 51940 वोटों से आगे चल रही हैं और उनकी जीत तय मानी जा रही है।

Rana Sikander
लेखक: Rana Sikander

Versatile journalist with experience in conducting in-depth interviews, analyzing complex data, and producing compelling narratives.