LIVE बुधवार, 13 मई 2026
Advertisement Vastu Guruji
देश

हरियाणा-पंजाब के बीच बढ़ी तकरार, मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि पंजाब के सी.एम. मान भ्रम में न रहें, पानी तो हम लेकर रहेंगे

चंडीगढ़
पंजाब से पानी विवाद को लेकर चंडीगढ़ के हरियाणा निवास में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक हुई जिसमें सत्तारूढ़ भाजपा, कांग्रेस, इनैली, जजपा, आम आदमी पार्टी, बसपा व सी.पी. आई. नेताओं ने एक सुर से पंजाब के खिलाफ 3 प्रस्ताव पास करते हुए हुंकार भरी। बैठक में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि पंजाब के सी.एम. मान भ्रम में न रहें, पानी तो हम लेकर रहेंगे। सभी नेताओं ने पानी के मामले में में एक मत से हरियाणा सरकार के साथ खड़े रहने का विश्वास दिलाया। विभिन्न राजनैतिक दलों के नेताओं ने पंजाब सरकार पर निशाना साधते हुए पानी रोकने को असंवैधानिक बताया।

सर्वदलीय बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पास करके पंजाब सरकार से आग्रह किया गया कि वी. थी. एम.बी. की तकनीकी समिति के 23 अप्रैल, 2025 के तथा बी. बी. एम.बी. बोर्ड के 30 अप्रैल, 2025 के फैसलों को बिना शर्त लागू किया जाए। हरियाणा को मिलने वाले पानी के हिस्से पर लगाई गई अमानवीय, अनुचित अवैध एवं असंवैधानिक रोक को तुरंत हटाया जाए। बैठक के दौरान मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने गत 10 वर्ष के आंकड़े प्रस्तुत कर जल वितरण की जानकारी सांझा की।

बैठक के दौरान सभी नेताओं ने हरियाणा में पीने के पानी के संबंध में उभरे जल संकट पर चिंता व्यक्त की और पंजाब द्वारा हरियाणा के हिस्से के पानी को रोकने को असंवैधानिक बताया। सभी नेताओं ने कहा कि पंजाब सरकार तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर भ्रामक प्रचार कर रही है। हरियाणा तो उसे हर साल मिलने वाले पानी के अपने हिस्से को पूरा देने की मांग कर रहा है, जो कि अभी पंजाब द्वारा गैर-कानूनी तरीके से रोक दिया गया है। जहां एक ओर हरियाणा का हमेशा सभी समझौतों पर सकारात्मक रवैया रहा है, वहीं पंजाब ने सभी समझौतों को नकारने का काम किया है। अब भी पंजाब सरकार राजनीतिक पैठ जमाने के लिए भ्रामक प्रचार करते हुए हरियाणा के लोगों के पीने के पानी को रोकने का असंवैधानिक कार्य कर रही है। बैठक में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने प्रस्ताव प्रस्तुत करते हुए कहा कि हम संकल्प करते हैं कि हरियाणा के हिस्से के पानी को सुनिश्चित करने के लिए तथा एस.वाई.एल. का शीघ्र निर्माण करवाने के लिए हम सब एकजुट होकर कोई भी कानूनी लड़ाई लड़ने और राज्य तथा केंद्र दोनों स्तरों पर हरसंभव राजनैतिक प्रयास करने के लिए हरियाणा सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करेंगे।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने चेतावनी देते हुए कहा कि नशों में संलिप्त बड़े लोगों के महल अब आने वाले समय में गिरते हुए दिखाई देंगे और ऐसे लोगों की सूचियां तैयार कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे बड़े लोगों के नाम पूरा पंजाब जानता है। मैंने डी.जी.पी. साहब से कहा कि जिन नशा तस्करों की इमारतें गिराने की अनुमति नहीं भी मिली है उनके घरों के बाहर भी डिच मशीनें भेज दी जाएं ताकि उनके अंदर डर की भावना पैदा हो। मुख्यमंत्री आज यहां पी.ए.पी. ग्राऊंड में विलेज डिफैंस कमेटी के सदस्यों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पानी पंजाब की जीवन रेखा है और पंजाब अपना पानी किसी अन्य को नहीं देगा। उन्होंने कहा कि पानी को लेकर पंजाब के गांवों में कत्लेआम हो जाता हैं। इसलिए पंजाब से धक्के से पानी छीना नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि पंजाब को अब पानी के हक में खड़ा होना पड़ेगा और नशों के खिलाफ आगे आना होगा जिसके लिए सरकार तैयार है।

विज्ञापन
Advertisement

Rana Sikander
लेखक: Rana Sikander

Versatile journalist with experience in conducting in-depth interviews, analyzing complex data, and producing compelling narratives.