LIVE बुधवार, 13 मई 2026
Advertisement Vastu Guruji
देश

मौसम का कहर, 10 जिलों में तेज हवा के साथ हुई बारिश, ठनका गिरने की अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की मौत

रांची
झारखंड के 10 जिलों में शुक्रवार को तेज हवा के साथ बारिश हुई। इस दौरान राज्य में ठनका गिरने की अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई। पलामू, गुमला, लोहरदगा और देवघर में एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं चतरा में वज्रपात के दौरान शॉर्ट सर्किट से दुकान में आग लग गई। इस बीच, मौसम विभाग ने राज्य के सभी जिलों में अगले तीन दिन तेज हवा के साथ बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि के साथ वज्रपात का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। आइए जानते हैं पूरे झारखंड के मौसम का हाल। रांची समेत पूरे झारखंड में गुरुवार से बदले मौसम का असर शुक्रवार को भी बरकरार रहा। गुरुवार दोपहर बाद रांची और इसके आसपास के इलाकों में हुई बारिश के बाद मौसम काफी सुहाना हो गया। तापमान में गिरावट के बाद लोगों ने गर्मी से भी राहत की सांस ली। बारिश का दौर शुक्रवार को भी देखने को मिला। रांची और इसके आसपास के क्षेत्र में काफी बारिश हुई इस दौरान कई जगह ओले भी गिरे। झारखंड के गांव की धरती पर शिमला सी सफेद चमक : रांची जिले के इटकी में जमकर ओलावृष्टि हुई है। यहां के डोला और सुगदा गांव की जमीन पूरी तरह से सफेदी में लिपट गई है। हर ओर मानो शिमला सा नजारा दिख रहा है। सड़कों से लेकर खेत खलिहान तक में बर्फ की परत जम गई है

गिरिडीह में सबसे ज्यादा बारिश
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि गुरुवार को गिरिडीह में सबसे अधिक 21.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं रांची समेत अन्य जिलों में हल्की बारिश हुई। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश के दक्षिण-पश्चिम भाग में बने एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण झारखंड के मौसम में बदलाव हो रहा है। पांच डिग्री तक गिरा तापमान राज्य के विभिन्न हिस्सों में दिनभर आसमान में बादल छाए रहने से गुरुवार को अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री तक कमी रही। चाईबासा का अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री पर आ पहुंचा। छिटपुट बारिश के बाद अगले दो दिनों के दौरान तापमान में तीन से चार डिग्री और गिरावट के आसार हैं।

मौसम विभाग के अनुसार रांची समेत राज्य में 21-22 को बारिश के आसार हैं। कही-कहीं ओलावृष्टि व तेज हवा के साथ वज्रपात का ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है। अगले तीन दिन बादल छाए रहने और बारिश होने से रांची के अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री तक की गिरावट आएगी। मौसम विभाग के अनुसार रांची में अगले पांच दिनों के दौरान 15 से 27 डिग्री तक हो सकती है। विभाग के मुताबिक रांची में गत 15 मार्च को रांची का सबसे अधिकतम तापमान 37.0 डिग्री दर्ज किया गया था। पिछले पांच दिनों के दौरान इसमें पांच डिग्री की कमी है।

मप्र में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर
मौसम विभाग के अनुसार मध्य प्रदेश के दक्षिण पश्चिम में एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना है। इससे बना निम्न दबाव क्षेत्र छत्तीसगढ़ से लेकर ओडिशा के उत्तरी भाग तक कायम है। इससे झारखंड का मौसम प्रभावित है। इसके प्रभाव से पूरे राज्य में अगले तीन दिनों के दौरान बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान कहीं कहीं तेज हवा के साथ ओलावृष्टि व वज्रपात होने का आरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

विज्ञापन
Advertisement

कई इलाकों में एक घंटे के लिए गुल रही बिजली
बारिश और गरज के चलते शहर की बिजली बंद कर दी गई। मेघगर्जन के कारण बिजली के उपकरणों को क्षति न हो, इसके लिए एक घंटे तक कई मोहल्लों व फीडरों की बिजली बंद की गई। मेघगर्जन समाप्त होने पर बिजली बहाल कर दी गई। दूसरी ओर सुबह में से लेकर शाम 5 बजे तक अरगोड़ा इलाके में बाधित बिजली आपूर्ति हुई।
इससे लोगों को घरेलू कार्य करने व गर्मी में काफी दिक्कत का सामना दर्ज करना पड़ा। यहां समस्या मरम्मत कार्य व लोकल फॉल्ट के कारण हुई थी।

Rana Sikander
लेखक: Rana Sikander

Versatile journalist with experience in conducting in-depth interviews, analyzing complex data, and producing compelling narratives.