LIVE गुरुवार, 14 मई 2026
Advertisement Vastu Guruji
देश

संदेशखाली में भाजपा और तृणमूल समर्थकों के बीच झड़प, तृणमूल ने भाजपा पर गोलीबारी का आरोप लगाया, भाजपा ने किया खारिज

कोलकाता
उत्तर 24 परगना जिले के जेलियाखाली, संदेशखाली में भाजपा और तृणमूल समर्थकों के बीच झड़प के कारण तनाव बढ़ गया है। इस झगड़े में तृणमूल और भाजपा के कम से कम 10 कार्यकर्ता घायल हो गए। उनमें से आठ की हालत ऐसी थी कि उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है। हंगामे और मारपीट के संबंध में संदेशखली-2 ब्लॉक के तृणमूल अध्यक्ष दिलीप मल्लिक ने दावा किया कि कुछ भाजपा कार्यकर्ता स्थानीय मस्जिद के इमाम से बात कर रहे थे। उसी समय वहां कुछ तृणमूल कार्यकर्ता पहुंच गए और उन्होंने पूछा कि क्या चर्चा हो रही है तो भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन पर अचानक हमला कर दिया। जिसमें छह तृणमूल कार्यकर्ता और समर्थक गंभीर रूप से घायल हो गए।

भाजपा कार्यकर्ता पर गोलीबारी का आरोप
दिलीप मल्लिक ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर गोलीबारी का भी आरोप लगाया। हालांकि, भाजपा ने आरोपों को खारिज कर दिया है। भाजपा के उत्तर 24 परगना जिले के बशीरहाट सांगठनिक जिला अध्यक्ष सुकल्याण वैद्य ने दावा किया कि तृणमूल ने वक्फ संशोधन अधिनियम के विरोध में जालियाखाली में विरोध मार्च का आयोजन किया था।
तृणमूल के लोगों ने भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों को जबरन उस जुलूस में ले जाने की कोशिश की। जब भाजपा कार्यकर्ताओं ने जुलूस में शामिल होने से इन्कार कर दिया तो तृणमूल के लोगों ने उन पर हमला कर दिया। तभी दोनों पक्षों के बीच झड़प शुरू हो गई।

आठ लोग अस्पताल में भर्ती
उनका दावा है कि तृणमूल कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने बिना उकसावे के भाजपा कार्यकर्ताओं की पिटाई की। हंगामे की खबर मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। उन्होंने दोनों पक्षों के आठ घायल लोगों को अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की गई। इस अशांति के मद्देनजर संदेशखाली थाने के ओसी बालया घोष ने कहा कि घटना के सिलसिले में दोनों पक्षों के कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।

Rana Sikander
लेखक: Rana Sikander

Versatile journalist with experience in conducting in-depth interviews, analyzing complex data, and producing compelling narratives.