LIVE बुधवार, 13 मई 2026
Advertisement Vastu Guruji
मध्य प्रदेश

मध्य प्रदेश को रेल मंत्रालय की तरफ से एक साथ दो सौगातें मिलीं, 4 लाइनिंग होगा यह रूट

नई दिल्ली 
मध्य प्रदेश राज्य को बुधवार को रेल मंत्रालय की तरफ से एक साथ दो सौगातें मिलीं। जिसके बारे में रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने जानकारी दी। इनमें से पहली सौगात रतलाम-नागदा रूट को चार लाइन में बदलने से जुड़ी है, वहीं दूसरी सौगात एक नई ट्रेन के रूप में है, जो कि गुना-ग्वालियर को बेंगलुरु से जोड़ेगी। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (CCEA) ने यात्रियों और माल दोनों के तेज परिवहन को सुनिश्चित करने के लिए दो मल्टी-ट्रैकिंग रेलवे परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इन परियोजनाओं में मध्य प्रदेश के रतलाम-नागदा के बीच तीसरी और चौथी लाइन व महाराष्ट्र में वर्धा-बल्हारशाह के बीच चौथी लाइन शामिल है। रतलाम-नागदा लाइन की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि यह बहुत महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट है, जो कि दिल्ली-मुंबई कॉरिडोर पर स्थित है। इस रूट को 4 लाइनिंग करने को पीएम गतिशक्ति मास्टर प्लान के तहत मंजूरी दी गई है। यह प्रोजेक्ट 1018 करोड़ रुपए का है और इससे दिल्ली-मुंबई कोरिडोर की क्षमता बढ़ेगी जिससे इस रूट पर यातायात का दबाव कम होगा।

रेल मंत्री ने कहा कि 'रतलाम मध्य प्रदेश में बहुत ही महत्वपूर्ण जंक्शन है, जो चारों दिशाओं में बहुत ही जरूरी कनेक्टिविटी प्रदान करता है। उत्तर में नागदा, दक्षिण में वडोदरा, पूर्व में इंदौर और पश्चिम में चित्तौड़गड़ को जोड़ता है। इसको 4 लाइनिंग करेंगे, जिससे दिल्ली-मुंबई कोरिडोर की क्षमता काफी बढ़ेगी।' रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि इन दोनों परियोजनाओं से देश में दिल्ली-मुंबई और दिल्ली-चेन्नई आर्थिक गलियारों में बुनियादी ढांचे को बढ़ावा मिलेगा और यातायात संबंधी बाधाएं दूर होंगी। इस बारे में जारी प्रेस नोट में कहा गया कि, 'मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के चार जिलों को कवर करने वाली दो परियोजनाएं भारतीय रेलवे के मौजूदा नेटवर्क को लगभग 176 किलोमीटर तक बढ़ा देंगी। प्रस्तावित मल्टी-ट्रैकिंग परियोजना लगभग 19.74 लाख की आबादी वाले लगभग 784 गांवों तक कनेक्टिविटी बढ़ाएगी।'

बेंगलुरु से सीधे जुड़ेगा गुना-ग्वालियर
उधर मध्य प्रदेश को एक अन्य महत्वपूर्ण सौगात देते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को मध्य प्रदेश के गुना शहर से कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के बीच सीधी ट्रेन चलाने को मंजूरी दे दी। वैष्णव ने इस बारे में केंद्रीय मंत्री और गुना संसदीय सीट से सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया को एक पत्र लिखते हुए जानकारी भी दी, जिसमें उन्होंने बताया कि "सर एम.विश्वेश्वरैया टर्मिनल, बेंगलुरु से ग्वालियर वाया गुना" के लिए नई गाड़ी संख्या 11085/11086 के संचालन को मंजूरी दे दी गई है।

जिसके बाद केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इस बारे में जानकारी साझा करते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया। सिंधिया ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'गुना-बेंगलुरु के बीच जल्द दौड़ेगी नई रेलगाड़ी… मेरे विशेष अनुरोध पर गुना से बेंगलुरु के लिए नई रेलगाड़ी के परिचालन को मंजूरी प्रदान करने के लिए रेल मंत्रालय का हार्दिक धन्यवाद। ग्वालियर-चंबल के यात्रियों द्वारा लंबे समय से उठाई जा रही मांग को पूरा करने के लिए केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव जी का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। गुना क्षेत्र के यात्री विशेषकर बेंगलुरु में कार्यरत मेरे युवा साथी जल्द ही इस रेल सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।'

विज्ञापन
Advertisement

 

Rana Sikander
लेखक: Rana Sikander

Versatile journalist with experience in conducting in-depth interviews, analyzing complex data, and producing compelling narratives.