LIVE बुधवार, 13 मई 2026
Advertisement Vastu Guruji
देश

कॉमेडियन कुणाल कामरा को मद्रास हाई कोर्ट ने बड़ी राहत दी, मद्रास हाई कोर्ट ने दी अग्रिम जमानत

चेन्नई
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का अपने एक कार्यक्रम के दौरान कथित रूप से अपमान करने को लेकर आलोचनाओं और शिव सैनिकों के गुस्से का सामना कर रहे स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा को शुक्रवार को मद्रास हाई कोर्ट ने बड़ी राहत दी है। हाई कोर्ट ने उन्हें अंतरिम अग्रिम जमानत दे दी है। कामरा तमिलनाडु के विल्लुपुरम जिले के निवासी हैं। शिंदे पर अपमानजनक टिप्पणी करने के मामले में उन्हें मुंबई पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जाने की आशंका थी। इसलिए उन्होंने आज ही हाई कोर्ट में अग्रिम जमानत की अर्जी दी थी। मुंबई पुलिस पूछताछ में शामिल होने के लिए उन्हें दो बार समन भेज चुकी है।

यह विवाद खार के हैबिटेट कॉमेडी क्लब में कामरा के हालिया शो से उपजा है, जहां उन्होंने एकनाथ शिंदे को निशाना बनाते हुए एक पैरोडी गीत प्रस्तुत किया था। कामरा के शो के बाद शिवसेना समर्थकों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने रविवार रात क्लब तथा होटल में तोड़फोड़ की थी। शिवसेना विधायक मुरजी पटेल की शिकायत पर खार पुलिस ने कामरा के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मुंबई पुलिस 36 वर्षीय कामरा को दो बार इस मामले में तलब कर चुकी है।

31 मार्च तक होना था पेश
अधिकारी ने बताया कि कामरा को मंगलवार को पुलिस के समक्ष पेश होने के लिए कहा गया था लेकिन उन्होंने सात दिन का समय मांगा था। अधिकारी ने बताया, ‘‘दूसरे समन में कुणाल कामरा को 31 मार्च को पुलिस के समक्ष पेश होने को कहा गया है।’’

पुलिस ने राहुल कनाल समेत शिवसेना के 12 लोगों को स्टूडियो में तोड़फोड़ करने के आरोप में गिरफ्तार किया था। हालांकि, उन्हें हिरासत में लिए जाने के कुछ घंटों बाद ही जमानत दे दी गई थी। उधर, महाराष्ट्र विधान परिषद ने भी शिंदे के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी के संबंध में कामरा के खिलाफ विशेषाधिकार हनन नोटिस स्वीकार कर लिया है। इंस्टाग्राम बायो के अनुसार, कामरा फिलहाल पुडुचेरी में हैं।

विज्ञापन
Advertisement

Rana Sikander
लेखक: Rana Sikander

Versatile journalist with experience in conducting in-depth interviews, analyzing complex data, and producing compelling narratives.