LIVE बुधवार, 13 मई 2026
Advertisement Vastu Guruji
देश

देशभर में मौसम में बड़े बदलाव की संभावना, 2, 3, 4 अप्रैल तक गरज-बिजली के साथ भारी बारिश, चलेंगी तेज हवाए

नई दिल्ली
देशभर में मौसम में बड़े बदलाव की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, तेज हवाओं के साथ बारिश का सिलसिला शुरू हो सकता है, जो अगले कुछ दिनों तक जारी रहेगा। 1 से 4 अप्रैल के बीच विभिन्न राज्यों में तेज हवाएं 30-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं, और कुछ क्षेत्रों में गरज और बिजली के साथ बारिश हो सकती है।  मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र सहित कई अन्य राज्यों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की उम्मीद जताई जा रही है। अप्रैल के पहले सप्ताह में उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान 2-4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने इस बारे में अपना अलर्ट जारी किया है।

1 से 4 अप्रैल तक तेज हवाओं के साथ बारिश
महाराष्ट्र के मराठवाड़ा और आसपास के क्षेत्रों में एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बन रहा है, जो उत्तरी तमिलनाडु और कर्नाटक से गुजरते हुए प्रभाव दिखाएगा। इसके कारण 1 से 4 अप्रैल के बीच मध्य प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, केरल, गोवा, और महाराष्ट्र में तेज बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। इसके साथ ही तेज हवाएं 30-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। गुजरात में 1-2 अप्रैल और ओडिशा, छत्तीसगढ़, मराठवाड़ा, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक में 1 से 4 अप्रैल तक और पश्चिम बंगाल, झारखंड में 2 से 4 अप्रैल तक तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है और ओले गिरने की भी संभावना है।

पूर्वोत्तर भारत में भी बारिश का अलर्ट: आईएमडी ने पूर्वोत्तर राज्यों, विशेष रूप से असम और अरुणाचल प्रदेश में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस क्षेत्र में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है और गरज-बिजली के साथ बारिश हो सकती है।

उत्तर पश्चिम भारत में तापमान में वृद्धि: पूर्वी भारत में 1 से 2 अप्रैल के दौरान तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी, जबकि उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान 2-4 डिग्री तक बढ़ सकता है। मध्य और दक्षिणी भारत में तापमान में बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन बाद में 2-4 डिग्री की गिरावट हो सकती है।

विज्ञापन
Advertisement

हीट वेव और लू का अलर्ट: मौसम विभाग ने गुजरात के सौराष्ट्र और कच्छ, असम, त्रिपुरा और अन्य क्षेत्रों में लू और हीट वेव की स्थिति के लिए अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में 1 से 4 अप्रैल तक गर्म हवाएं चलने की संभावना है और भीषण गर्मी पड़ेगी।

देशभर का तापमान: रविवार को महाराष्ट्र के अकोला में सबसे अधिक तापमान 42.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ओडिशा, गुजरात, तमिलनाडु, तेलंगाना, कर्नाटक, केरल, राजस्थान और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान 36-37 डिग्री के बीच रहा।

दिल्ली एनसीआर का मौसम: दिल्ली एनसीआर में पिछले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री और अधिकतम तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। दिल्ली का अधिकतम तापमान 31 से 34 डिग्री के बीच रहेगा, और न्यूनतम तापमान 13 से 15 डिग्री के बीच रह सकता है। 1-2 अप्रैल को मौसम साफ रहेगा, लेकिन 3 अप्रैल को बादल छा सकते हैं और अधिकतम तापमान 36-38 डिग्री तक पहुंच सकता है।

Rana Sikander
लेखक: Rana Sikander

Versatile journalist with experience in conducting in-depth interviews, analyzing complex data, and producing compelling narratives.