LIVE बुधवार, 13 मई 2026
Advertisement Vastu Guruji
देश

अस्पताल की पार्किंग में कार में मिली सड़ी-गली लाश, सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर ‘कमल कौर भाभी’ की हत्या

बठिंडा
बठिंडा के भुच्चो स्थित अदेश अस्पताल की पार्किंग में एक कार से महिला की सड़ी-गली लाश मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस जांच में मृतका की पहचान 30 वर्षीय सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर कंचन कुमारी के रूप में हुई है, जो ‘कमल कौर भाभी’ नाम से इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर एक्टिव थीं। कंचन कुमारी लुधियाना के लछमन कॉलोनी की रहने वाली थीं। उनका इंस्टाग्राम अकाउंट वेरिफाइड था और उस पर 3.83 लाख फॉलोअर्स और 1,351 पोस्ट्स हैं।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कंचन 9 जून को बठिंडा में किसी प्रमोशनल इवेंट में हिस्सा लेने के लिए लुधियाना से निकली थीं, लेकिन उसके बाद से उनका परिवार उनसे संपर्क नहीं कर सका। बुधवार शाम अस्पताल की पार्किंग में खड़ी एक कार से बदबू आने पर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब कार की तलाशी ली, तो पीछे की सीट पर एक महिला की लाश बरामद हुई, जो सड़ चुकी थी।

नगर पुलिस अधीक्षक (सिटी) नरिंदर सिंह ने बताया कि शव की पहचान कंचन कुमारी के रूप में हुई है और उनके परिवार को सूचित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि “प्रारंभिक तौर पर ऐसा प्रतीत होता है कि हत्या के बाद शव को कार में लाकर फेंका गया है। शव की हालत खराब होने के कारण उस पर किसी चोट का पता नहीं चल सका है। शव को पोस्टमार्टम के लिए शहीद भाई मणी सिंह सिविल अस्पताल भेजा गया है।”

पुलिस सूत्रों के अनुसार, कुछ महीने पहले एक विदेशी गैंगस्टर ने सोशल मीडिया पर कंचन कुमारी के कंटेंट को लेकर उनकी आलोचना की थी, जिसमें उन पर आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल का आरोप लगाया गया था। हालांकि, पुलिस अभी तक इस एंगल की पुष्टि नहीं कर रही है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

विज्ञापन
Advertisement

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले साल अक्टूबर में, उसे कथित तौर पर कनाडा स्थित आतंकवादी अर्श दल्ला से धमकी मिली थी, जिसने उसे “अनुचित” वीडियो पोस्ट करना बंद करने की चेतावनी दी थी। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है और अस्पताल में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। वहीं, परिवार के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

Rana Sikander
लेखक: Rana Sikander

Versatile journalist with experience in conducting in-depth interviews, analyzing complex data, and producing compelling narratives.