LIVE बुधवार, 13 मई 2026
Advertisement Vastu Guruji
देश

शिमला में अचानक बिगड़ी सोनिया गांधी की तबीयत, आईजीएमसी में विशेष वीआईपी वार्ड में किया भर्ती

शिमला
कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। उन्हें शिमला के असप्ताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक सोनिया गांधी शिमला दौरे पर भी। इसी दौरान शनिवार को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। इलाज के लिए उन्हें शिमला के आईजीएमसी अस्पताल में लाया गया है। सोनिया गांधी अपनी बेटी प्रियंका गांधी के साथ 2 जून को ही शिमला आई थीं। वह यहां छराबड़ा में प्रियंका गांधी के घर पर ठहरी हुई थीं। सूचना है कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी अपने ऊना जिला के दौरे को बीच में छोड़कर शिमला के लिए निकल पड़े हैं। जानकारी के मुताबिक सोनिया गांधी की तबीयत शनिवार को शिमला प्रवास के दौरान अचानक बिगड़ गई। इसके चलते उन्हें तुरंत शिमला स्थित इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान महाविद्यालय एवं चिकित्सालय (आईजीएमसी) में भर्ती कराया गया। चार दिन पहले वह निजी प्रवास पर शिमला के समीप छराबड़ा स्थित प्रियंका गांधी वाड्रा के निवास पर पहुंची थीं, जहां वे कुछ दिन सुकून के साथ बिताने आई थीं।

डॉक्टरों की टी तैनात
शनिवार को अचानक स्वास्थ्य खराब होने पर सोनिया गांधी को तुरंत आईजीएमसी लाया गया, जहां उनकी चिकित्सा जांच के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों की एक टीम तैनात की गई है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार उन्हें विशेष निगरानी में रखा गया है। उनकी एमआरआई सहित अन्य जरूरी जांचें की जा रही हैं ताकि बीमारी के कारणों की सटीक जानकारी मिल सके। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे के उपचार की दिशा तय की जाएगी। आईजीएमसी में सोनिया गांधी को विशेष वीआईपी वार्ड में भर्ती किया गया है, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। अस्पताल प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से पूरे परिसर को अलर्ट मोड पर रखा है और पुलिस जवानों की तैनाती भी कर दी गई है।

हर साल गर्मियों में हिमाचल प्रदेश जाती हैं सोनिया गांधी
गौरतलब है कि सोनिया गांधी हर साल गर्मियों में कुछ दिन हिमाचल प्रदेश के शांत और प्राकृतिक वातावरण में बिताने आती हैं। इस बार भी वे अपने पारिवारिक निवास पर विश्राम के लिए पहुंची थीं, लेकिन अचानक तबीयत बिगड़ने से उन्हें अस्पताल में भर्ती करना पड़ा। कांग्रेस पार्टी की ओर से अभी तक उनकी तबीयत को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। इस बीच सोनिया गांधी के स्वास्थ्य की खबर मिलते ही प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने अपने सभी सरकारी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं और शिमला लौटने का फैसला लिया है। मुख्यमंत्री सुक्खू शनिवार सुबह ऊना जिले के दौरे पर थे, जहां उन्होंने गगरेट विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया था।

गगरेट के बाद मुख्यमंत्री कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र पहुंचे थे, जहां उन्हें सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘कुटलैहड़ महोत्सव’ की सांस्कृतिक संध्या में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करनी थी। इसके अलावा रविवार को जिला मुख्यालय पर स्कूल और कॉलेज भवनों के लोकार्पण कार्यक्रम भी निर्धारित थे। लेकिन सोनिया गांधी की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री ने अपने सभी शेष कार्यक्रम रद्द कर दिए और तत्काल शिमला रवाना हो गए।

विज्ञापन
Advertisement

Rana Sikander
लेखक: Rana Sikander

Versatile journalist with experience in conducting in-depth interviews, analyzing complex data, and producing compelling narratives.