LIVE बुधवार, 13 मई 2026
Advertisement Vastu Guruji
देश

सरकारी स्कूलों में 2 जून से होगी गर्मी की छुट्टी, सुबह और शाम चलेगा समर कैंप, गणित विषय की शिक्षा दी जाएगी

पटना
सरकारी स्कूलों में गर्मी की छुट्टी दो जून से 21 जून तक रहेगी। इस दौरान बच्चों के लिए गणितीय समर कैंप आयोजित किया जाएगा। गर्मी की छुट्टी में आयोजित होने वाले समर कैंप में कक्षा पांच और छह के चयनित किए गए कमजोर विद्यार्थियों को शामिल किया जाएगा। जिसमें विशेष रूप से गणित विषय की शिक्षा दी जाएगी। शैक्षणिक सत्र 2025-26 के प्रारंभिक विद्यालयों में अध्ययनरत व गणित में कमजोर विद्यार्थियों के लिए प्रथम संस्थान के सहयोग से गणितीय समर कैंप आयोजित की जाएगी। समर कैंप गांव व टोल स्तर पर भी आयोजित होगी। इसका उद्देश्य बच्चों की गणितीय कौशल की क्षमता को मजबूत करना है।

इंंजीनियरिंग छात्र पढ़ाएंगे बच्चों को
समर कैंप में शामिल बच्चों को इंजीनियरिंग के छात्र गणित पढ़ाएंगे और गणितीय तकनीक का प्रशिक्षण देंगे। समर कैंप में बच्चों को शामिल करने के लिए प्राथमिक शिक्षा की निदेशक की ओर से सभी डीइओ व डीपीओ समग्र शिक्षा को पत्र जारी किया गया है। पत्र में इस बात का उल्लेख किया गया है कि समर कैंप के सफल संचालन के लिए बड़ी संख्या में स्वयंसेवक की आवश्यकता होगी। इसके लिए विभिन्न वर्गों से आने वाले विद्यार्थियों की सहायता ली जाएगी।

प्रतिदिन सुबह सात से नौ और शाम पांच से सात बजे तक चलेगा समर कैंप
बच्चों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रतिदिन सुबह सात से नौ बजे और शाम पांच से सात बजे तक समर कैंप आयोजित होगी। प्रत्येक कैंप में 10 से 15 विद्यार्थी शामिल होंगे। समर कैंप के सफल आयोजन के लिए डायट के प्रशिक्षु, बिहार कौशल विकास मिशन के तहत कुशल युवा कार्यक्रम में नामांकित विद्यार्थी, एनसीसी कैडेट, शिक्षा सेवक, पॉलिटेक्निक एवं इंजीनियरिंग कॉलेज के विद्यार्थी, जीविका दीदी द्वारा प्रेरित युवक युवतियां, नेहरू युवा केंद्र के सदस्य, प्रथम संस्था व अन्य स्वयंसेवी संस्थाओं के कार्यकर्ता व समाज के शिक्षित युवक-युवतियां को शामिल किया जाएगा। असर टूल्स के माध्यम से बच्चों का चयन कर चिह्नित बच्चों के साथ प्रतिदिन प्रशिक्षित स्वयं सेवक एक से डेढ़ घंटे तक गणित विषय पर विशेष प्रशिक्षण उनके गांव व टोलों में जाकर देंगे।

Rana Sikander
लेखक: Rana Sikander

Versatile journalist with experience in conducting in-depth interviews, analyzing complex data, and producing compelling narratives.