LIVE बुधवार, 13 मई 2026
Advertisement Vastu Guruji
देश

दिव्यांगता प्रमाण पत्र की जांच करवाने के लिए पहुंचने वाले दिव्यांगों की परेशानी अब हो सकेगी दूर, जारीआदेश

सोनीपत
नागरिक अस्पताल में दिव्यांगता प्रमाण पत्र की जांच करवाने के लिए पहुंचने वाले दिव्यांगों की परेशानी अब दूर हो सकेगी। नागरिक अस्पताल में सप्ताह में एक दिन की बजाय अब 2 दिन जांच होगी। सिविल सर्जन ने आदेश देते हुए दिव्यांगता प्रमाण पत्र जांच प्रत्येक बुधवार व शुक्रवार को करना सुनिश्चित करने को कहा है। जांच का समय सुबह 9 से शाम 5 बजे तक निर्धारित किया गया।

शहर के विधायक निखिल मदान जहां नागरिक अस्पताल की अव्यवस्थाओं का मुद्दा विधानसभा में उठाया था तो वहीं गुरुवार को भाजपा नेता एवं नगर निगम के मेयर राजीव जैन ने अस्पताल का दौरा कर दिव्यांगों की समस्याएं सुनी थीं और वहीं सिविल सर्जन को कहा था कि दिव्यांगता प्रमाण पत्रों की जांच सप्ताह में 2 दिन निर्धारित की जाए। 2 दिन पहले ही नियुक्त हुई सिविल सर्जन डा. ज्योत्सना ने शनिवार को आदेश जारी करते हुए दिव्यांगता प्रमाण पत्रों की जांच के लिए सप्ताह में 2 दिन निर्धारित कर दिए हैं। प्रत्येक बुधवार व शुक्रवार को दिव्यांगता प्रमाण पत्रों की जांच सुबह 9 से शाम 5 बजे तक की जाएगी। प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया को सुगम बनाने के इस निर्णय का दिव्यांग नागरिकों ने स्वागत किया। इससे न केवल उनकी सुविधा बढ़ेगी बल्कि उन्हें अनावश्यक परेशानियों का सामना भी नहीं करना पड़ेगा।

डा. संजय कौशिक व डा. विपिन दलाल की लगाई ड्यूटी
सिविल सर्जन ने गन्नौर के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डा. संजय कौशिक व नागरिक अस्पताल के ऑर्थो सर्जन एवं चिकित्सा अधिकारी डा. विपिन दलाल की ड्यूटी दिव्यांगता प्रमाण पत्रों की जांच के लिए लगाते हुए तुरंत प्रभाव से आदेश लागू किए हैं और आदेशों की पालना दृढ़ता से करने को कहा है।

शुक्रवार को केवल हड्डी रोगों से जुड़े प्रमाण पत्र ही बनेंगे
सामान्य अस्पताल में पहले की तरह बुधवार को सभी रोगों से जुड़े दिव्यांग प्रमाण पत्र बनते रहेंगे। इसके साथ-साथ शुक्रवार को सिर्फ हड्डी रोगों से जुड़े प्रमाण पत्र सुबह 9 से 5 बजे के बीच बनेंगे। विधायक निखिल मदान ने बताया कि सामान्य अस्पताल में जल्द ही ए.एस.एस.आर. मशीन भी उपलब्ध होगी।

विज्ञापन
Advertisement

 

Rana Sikander
लेखक: Rana Sikander

Versatile journalist with experience in conducting in-depth interviews, analyzing complex data, and producing compelling narratives.