LIVE गुरुवार, 14 मई 2026
Advertisement Vastu Guruji
उत्तर प्रदेश

गाजीपुर में दर्दनाक, बारात में DJ पर डांस को लेकर बवाल, दूल्हे को ग्रामीणों ने पीट-पीटकर मार डाला

गाजीपुर
यूपी के गाजीपुर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां दिलदारनगर क्षेत्र के जगदीशपुर गांव में आई बारात में डीजे पर डांस को लेकर ग्रामीणों ने बारातियों के साथ ही दूल्हे और उसके पिता को पीट दिया। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मारपीट के कारण शादी भी नहीं हो सकी थी। आनन-फान में घायलों को इलाज के लिए ले जाया गया। जहां वाराणसी में इलाज के दौरान शुक्रवार की रात दूल्हे ने दम तोड़ दिया। इससे युवक के घर पर कोहराम मच गया। मामले में पिता की तहरीर पर पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। वहीं, एक आरोपी को तमंचे के साथ गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार रेवतीपुर थाना क्षेत्र के त्रिलोकपुर गांव के रहने वाले ब्रिगेडियर राम के बेटे 26 वर्षीय राकेश राम की शादी दिलदारनगर थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव के रहने वाले राजेंद्र राम की बेटी राजकुमारी से तय थी। गुरुवार की रात में बारात जगदीशपुर आई थी। वरमाला का कार्यक्रम चल रहा था, तभी डीजे पर डांस को लेकर कुछ लड़कों में विवाद हो गया। विवाद की जानकारी होते ही दूल्हे के पिता ब्रिगेडियर राम समझाने गए तो विपक्षियों ने उन पर हमला कर दिया। विवाद को देखकर दुल्हा पिता ब्रिगेडियर राम को बचाने पहुंचा और लोगों को शांत कराने लगा।

इस दौरान कुछ ग्रामीणों ने पिता व बेटे दोनों पर हमला कर दिया। पिता को बचाने में दूल्हे राकेश राम को लाठी-डंडे और तमंचे के बट से हमला कर घायल कर दिया। गंभीर हालत में राकेश को पहले मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर देख वाराणसी रेफर कर दिया गया। शुक्रवार देर रात इलाज के दौरान राकेश की मौत हो गई। वह दो भाइयों में बड़ा था। छोटा भाई बिहार पुलिस में तैनात है।

इस संबंध में दिलदारनगर के थाना के निरीक्षक प्रभारी अशोक कुमार मिश्र ने बताया कि पिता ब्रिगेडियर राम की शिकायत पर आठ लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की गई है। इनमें विनोद राम, प्रदीप उर्फ कल्लू, मोनू राम, पप्पू, बाघा राम उर्फ मिथलेश, विशाल राम, सकलू और विपिन शामिल हैं। पुलिस ने एक आरोपी को तमंचे के साथ गिरफ्तार कर लिया है और बाकी की तलाश जारी है।

विज्ञापन
Advertisement

 

Rana Sikander
लेखक: Rana Sikander

Versatile journalist with experience in conducting in-depth interviews, analyzing complex data, and producing compelling narratives.