मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जनसंपर्क विभाग की ‘मुस्कुराता बस्तर’ पहल की सराहना करते हुए इसे बस्तर की सकारात्मक पहचान और विकास को बढ़ावा देने वाला अभियान बताया।
रायपुर : मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने जनसंपर्क विभाग की अभिनव पहल ‘मुस्कुराता बस्तर’ की सराहना करते हुए इसे बस्तर की सकारात्मक पहचान को देश-दुनिया तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बताया है। उन्होंने कहा कि बस्तर केवल अपनी प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक विरासत के लिए ही नहीं, बल्कि विकास, शांति और जनभागीदारी के नए आयाम स्थापित करने के लिए भी जाना जा रहा है। ऐसी पहलें राज्य की सकारात्मक छवि को और अधिक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि बीते वर्षों में बस्तर क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिली है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, डिजिटल सेवाओं और रोजगार के क्षेत्र में लगातार किए जा रहे प्रयासों का लाभ स्थानीय नागरिकों तक पहुंच रहा है। शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव दिखाई दे रहा है।
उन्होंने कहा कि ‘मुस्कुराता बस्तर’ अभियान केवल एक प्रचार पहल नहीं, बल्कि बस्तर के बदलते स्वरूप, वहां की संस्कृति, पर्यटन, जनजातीय परंपराओं, युवा प्रतिभाओं और विकास की वास्तविक कहानियों को समाज के सामने लाने का सशक्त माध्यम है। इससे लोगों के बीच बस्तर को लेकर सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित होगा और क्षेत्र की नई पहचान स्थापित होगी।
मुख्यमंत्री ने जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों और पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि शासन की योजनाओं, उपलब्धियों और प्रेरणादायक कहानियों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाना अत्यंत आवश्यक है। आधुनिक संचार माध्यमों के जरिए सकारात्मक और तथ्यपरक जानकारी लोगों तक पहुंचाने से शासन और जनता के बीच विश्वास और मजबूत होता है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य विकास के साथ-साथ सामाजिक समरसता, जनविश्वास और सांस्कृतिक संरक्षण को भी बढ़ावा देना है। बस्तर की समृद्ध लोक संस्कृति, हस्तशिल्प, प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन संभावनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए इस प्रकार के नवाचार निरंतर जारी रहेंगे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने विश्वास व्यक्त किया कि ‘मुस्कुराता बस्तर’ अभियान बस्तर की नई पहचान को मजबूत करेगा तथा स्थानीय युवाओं, कलाकारों, कारीगरों और पर्यटन क्षेत्र को भी नई ऊर्जा प्रदान करेगा। उन्होंने सभी विभागों से जनहित से जुड़ी सकारात्मक पहलों को व्यापक स्तर पर प्रचारित करने और आम जनता को विकास यात्रा से जोड़ने का आह्वान किया।



