LIVE बुधवार, 17 जून 2026
Advertisement Vastu Guruji
छत्तीसगढ़

खाद-बीज उपलब्धता को लेकर किसान संघ ने सौंपा ज्ञापन

भारतीय किसान संघ ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंप खाद-बीज की निर्बाध आपूर्ति, कालाबाज़ारी रोकने और किसान हितों की सुरक्षा की मांग उठाई।

गरियाबंद/रायपुर। खरीफ सीजन की तैयारियों के बीच किसानों को खाद और बीज की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग को लेकर भारतीय किसान संघ ने प्रदेश सरकार के सामने अपनी आवाज बुलंद की है। संगठन ने मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai के नाम ज्ञापन सौंपते हुए किसानों को खाद एवं बीज की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है। संघ ने स्पष्ट कहा कि किसान हितों के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

भारतीय किसान संघ का कहना है कि किसान देश की खाद्य सुरक्षा को मजबूत बनाए रखने में अहम भूमिका निभा रहे हैं, लेकिन कृषि कार्यों के लिए समय पर खाद, बीज और अन्य कृषि आदानों की उपलब्धता बेहद आवश्यक है। यदि किसानों को समय पर जरूरी संसाधन नहीं मिले तो इसका सीधा असर फसल उत्पादन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा।

संघ ने ज्ञापन में प्रदेश में खाद की कालाबाज़ारी को गंभीर समस्या बताते हुए सरकार से इस पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की। संगठन का आरोप है कि कई स्थानों पर किसानों को निर्धारित दर से अधिक कीमत पर खाद खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ता है। ऐसे में खरीफ सीजन के दौरान खाद और बीज की कमी नहीं होने देने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई।

किसान संघ ने समितियों में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने की मांग करते हुए कहा कि किसानों को प्रति एकड़ एक बोरी डीएपी और दो बोरी यूरिया उपलब्ध कराया जाए। साथ ही निजी खाद विक्रेताओं की निगरानी कर किसानों को तय दर पर खाद देने की व्यवस्था सुनिश्चित करने और अधिक कीमत वसूलने वालों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग भी रखी गई।

विज्ञापन
Advertisement

इसके अलावा एग्रीस्टैक में पंजीकृत किसानों को समितियों में नगद भुगतान के माध्यम से खाद उपलब्ध कराने, नैनो डीएपी और नैनो यूरिया की कीमत कम करने, कृषि कार्यों के लिए कंटेनर और जेरीकैन में डीजल उपलब्ध कराने तथा समितियों में गुणवत्तापूर्ण बीजों का भंडारण सुनिश्चित करने की मांग की गई। किसान संघ ने हरी खाद के लिए ढेंचा, सन और मूंग जैसे बीज सस्ती दरों पर उपलब्ध कराने की आवश्यकता भी जताई।

भारतीय किसान संघ ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसान हितों की अनदेखी की गई तो संगठन भविष्य में बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होगा। इस दौरान किसान संघ के कई पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।

ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला अध्यक्ष माधव सिंह ठाकुर, जिला मंत्री राजेंद्र सिंह राजपूत, अभिमन्यु ध्रुव, तहसील अध्यक्ष गंगूराम साहू, मंत्री जितेश्वर साहू, उपाध्यक्ष धनीराम साहू, कोषाध्यक्ष गंगाराम सिन्हा, पारस देवांगन, ललित निषाद, महेंद्र पाल, कृष्ण कुमार साहू, छबीराम, इच्छा राम सिन्हा, हरीश चंद्राकर, भगवती, सुशील ध्रुव, शारदाचरण, टिकेश्वर साहू और गौ सेवा आयोग के जिला अध्यक्ष प्रकाश निर्मलकर सहित कई किसान उपस्थित रहे।

Dipti Das
लेखक / Author

दीप्ति दास दबंग आवाज़ की संवाददाता हैं, जो विभिन्न विषयों पर सटीक और संतुलित रिपोर्टिंग के लिए जानी जाती हैं।