LIVE मंगलवार, 16 जून 2026
Advertisement Vastu Guruji
छत्तीसगढ़

मेधावी सिख विद्यार्थियों का सम्मान, होरा ने दी शुभकामनाएं

आयोजित राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में मेधावी सिख विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया, गुरुचरण सिंह होरा ने शुभकामनाएं दीं।

रायपुर। छत्तीसगढ़ सिख ऑफिसर्स वेलफेयर एसोसिएशन रायपुर द्वारा बुधवार को खालसा स्कूल परिसर, पंडरी में “सिख विद्यार्थियों का राज्य स्तरीय सम्मान समारोह” आयोजित किया गया। इस अवसर पर 10वीं और 12वीं कक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रदेशभर के मेधावी सिख विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल, सिल्वर मेडल, मोमेंटो और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना और उनके उज्ज्वल भविष्य को प्रोत्साहित करना था।

समारोह में विद्यार्थियों के करियर और भविष्य को लेकर विशेष मार्गदर्शन सत्र भी आयोजित किया गया। करियर काउंसलर अजीत वरवंडकर ने छात्रों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें शिक्षा और करियर से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत के साथ आगे बढ़ने की सलाह दी।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा मौजूद रहे। वहीं विशेष अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ टेनिस संघ के महासचिव एवं ग्रैंड ग्रुप के चेयरमैन सरदार गुरुचरण सिंह होरा, डॉ. रमन झा, सरदार गुरप्रीत सिंह बाबरा, सरदार एच.एस. हुरा और जसबीर सिंह घुम्मन सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

इस अवसर पर ग्रैंड ग्रुप के चेयरमैन सरदार गुरुचरण सिंह होरा ने एसोसिएशन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि मेधावी छात्रों का सम्मान करना समाज के लिए प्रेरणादायक कदम है। इससे बच्चों का मनोबल बढ़ता है और वे शिक्षा के क्षेत्र में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित होते हैं। उन्होंने कहा कि समाज की प्रगति के लिए इस तरह के कार्यक्रम बेहद आवश्यक हैं। श्री होरा ने सभी सम्मानित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही उन्होंने घोषणा की कि अगले वर्ष से अपनी स्वर्गीय माताजी प्रकाश कौर होरा की स्मृति में गोल्ड मेडल प्रदान करेंगे।

विज्ञापन
Advertisement

एसोसिएशन के संयोजक जे.एस. बॉम्बरा ने बताया कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम पिछले छह वर्षों से लगातार आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में मेरिट प्राप्त विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल, सिल्वर मेडल, प्रमाण पत्र और मोमेंटो प्रदान किए गए। इसके अलावा 85 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को विशेष प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कोलंबिया यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर डॉ. रमन झा ने विद्यार्थियों को भविष्य में सफलता प्राप्त करने के टिप्स दिए और उन्हें शिक्षा के महत्व को समझाते हुए निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा दी।

मुख्य अतिथि अमरजीत सिंह छाबड़ा ने विद्यार्थियों की मेहनत और लगन की सराहना करते हुए कहा कि लगातार परिश्रम ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने कहा कि मेहनती और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का सम्मान समाज को सकारात्मक संदेश देता है और अन्य बच्चों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।

Dipti Das
लेखक / Author

दीप्ति दास दबंग आवाज़ की संवाददाता हैं, जो विभिन्न विषयों पर सटीक और संतुलित रिपोर्टिंग के लिए जानी जाती हैं।