संदिग्ध गतिविधियों से डरे सराफा व्यापारियों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की, थाना प्रभारी ने किया निरीक्षण।
खरोरा। राजधानी रायपुर से लगे खरोरा नगर में सराफा व्यापारियों के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। बीती रात नगर के कुछ ज्वेलरी प्रतिष्ठानों के आसपास संदिग्ध गतिविधियां देखे जाने के बाद सराफा व्यवसायियों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है। व्यापारियों का कहना है कि हाल के दिनों में लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं और लूट की वारदातों ने उनके बीच भय का माहौल पैदा कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात नगर के कुछ ज्वेलर्स दुकानों के आसपास कुछ असामाजिक तत्वों और संदिग्ध लोगों को घूमते हुए देखा गया। दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों में इन लोगों की गतिविधियां कैद हुईं। एक व्यापारी को दूसरे व्यापारी से फोन पर सूचना मिली कि कुछ दुकानों की रेकी की जा रही है। इसके बाद कई व्यापारी तत्काल बाहर निकले, लेकिन संदिग्ध लोग मौके से भाग खड़े हुए।
सुबह होते ही इस घटना की जानकारी अन्य सराफा व्यापारियों को दी गई। चैंबर ऑफ कॉमर्स के सराफा अध्यक्ष शंभु दयाल सोनी को मामले से अवगत कराया गया। संदिग्ध गतिविधियों के सीसीटीवी फुटेज भी सराफा व्यापारियों के व्हाट्सएप ग्रुप में साझा किए गए, जिससे व्यापारियों में चिंता और बढ़ गई।
व्यापारियों का कहना है कि वे पहले से ही तनाव और भय के माहौल में व्यापार कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि बीते 5 मई को एक बड़ी घटना सामने आई थी, जिसमें एक सराफा व्यवसायी के मैनेजर पर मांठ-तिल्दाडीह रोड पर जानलेवा हमला कर लगभग एक करोड़ रुपये मूल्य के गहनों की लूट की गई थी। इस मामले में अब तक पुलिस को कोई बड़ी सफलता नहीं मिली है और जांच अभी भी जारी है।
इसके अलावा रायपुर में हाल ही में सामने आई खमारडीह स्थित लक्ष ज्वेलर्स और मनोहर ज्वेलर्स जैसी घटनाओं ने भी व्यापारियों की चिंता को और बढ़ा दिया है। आए दिन अखबारों और समाचारों में सराफा कारोबारियों को निशाना बनाए जाने की खबरों से स्थानीय व्यापारियों में दहशत का माहौल है।
इसी को देखते हुए खरोरा के सराफा व्यापारियों ने तत्काल बैठक कर निर्णय लिया कि मामले की सूचना पुलिस थाना खरोरा और रायपुर सराफा एसोसिएशन को दी जाएगी। व्यापारियों की सहमति के बाद थाना प्रभारी को एक आवेदन सौंपकर नगर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने की मांग की गई।
आवेदन मिलने के बाद थाना प्रभारी के.के. कुशवाह स्वयं पुलिस टीम के साथ रात्रि गश्त पर निकले और क्षेत्र का निरीक्षण किया। मौके पर कुछ व्यापारिक संस्थानों में प्रकाश व्यवस्था की कमी पाई गई। इस पर थाना प्रभारी ने व्यापारियों से अपनी सुरक्षा के प्रति भी सजग रहने की अपील करते हुए दुकानों में पर्याप्त रोशनी और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा।
साथ ही नगर पंचायत द्वारा लगाए गए खराब और कम रोशनी देने वाले लाइटों को बदलवाने तथा प्रमुख बाजार क्षेत्र में बेहतर स्ट्रीट लाइट लगाने की आवश्यकता भी जताई गई।










