LIVE बुधवार, 13 मई 2026
Advertisement Vastu Guruji
खेल

खराब फॉर्म से जूझ रही KKR का सनराइजर्स आज आईपीएल मैच में आमने सामने होंगी

कोलकाता
तीन में से दो मैच हार चुकी गत चैम्पियन कोलकाता नाइट राइडर्स और पिछले साल फाइनल खेलने वाली सनराइजर्स हैदराबाद आज आईपीएल मैच में आमने सामने होंगी तो उनका लक्ष्य जीत की राह पर लौटने का होगा। KKR के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने सत्र के पहले मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू से मिली हार के बाद कहा था कि अभी घबराने की कोई जरूरत नहीं है। लेकिन तीन मैचों में दो हार के बाद अब टीम का मनोबल थोड़ा गिरा होगा। पिछले सत्र में KKR ने सिर्फ तीन मैच गंवाए थे।

अब फोकस एक बार फिर ईडन गार्डंस की पिच पर होगा चूंकि RCB से 7 विकेट से मिली हार के बाद इसकी काफी आलोचना हुई है। KKR के पूर्व सलामी बल्लेबाज फिल साल्ट और विराट कोहली ने 175 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सिर्फ 51 गेंद में 95 रन की साझेदारी करके RCB को जीत दिलाई थी। बंगाल क्रिकेट संघ पर दबाव है कि स्पिनरों से भरी KKR टीम के अनुकूल पिच बनवाई जाए।

KKR के पास सुनील नारायण, मोईन अली और वरूण चक्रवर्ती जैसे धुरंधर स्पिनर हैं। पिछले महीने चैम्पियंस ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन करके आए स्पिनर चक्रवर्ती ने RCB के खिलाफ 10.75 प्रति ओवर की दर से रन दिए। रिपोर्ट की मानें तो ईडन गार्डंस के पिच क्यूरेटर सुजन मुखर्जी ने पहले मैच में स्पिनरों की मददगार पिच बनाने का KKR का अनुरोध खारिज कर दिया था और यह फैसला टीम पर भारी पड़ गया। चक्रवर्ती ने उस मैच में 45 रन दिए। मुखर्जी ने अपने फैसले को सही ठहराया लेकिन अब कैब अध्यक्ष स्नेहाशीष गांगुली खुद क्यूरेटर के साथ पिच का मुआयना कर रहे हैं जिससे आगामी मैचों में पिच में बदलाव देखा जा सकता है।

पिच के अलावा KKR टीम संयोजन को लेकर भी काफी सवाल हैं। उनकी गेंदबाजी और बल्लेबाजी में तालमेल नजर नहीं आ रहा और स्टार खिलाड़ी चल नहीं रहे हैं। KKR ने जिन चार खिलाड़ियों को नीलामी से पहले रिलीज किया था, उन सभी ने आईपीएल के पहले 10 दिन में शानदार प्रदर्शन किया है। इनमें पूर्व कप्तान श्रेयस अय्यर (पंजाब किंग्स), उपकप्तान नीतिश राणा (राजस्थान रॉयल्स), फिल साल्ट (RCB) और तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क (दिल्ली कैपिटल्स) शामिल हैं। स्टार्क के जाने से KKR की तेज गेंदबाजी काफी कमजोर हुई है।

विज्ञापन
Advertisement

वहीं स्टार्क ने दिल्ली के लिये सनराइजर्स के खिलाफ 35 रन देकर 5 विकेट लिए। स्टार्क की जगह आए स्पेंसर जॉनसन प्रभावित नहीं कर सके हैं जबकि एनरिच नॉर्किया चोट के कारण बाहर हैं। मोटे दाम पर खरीदे गए वेंकटेश अय्यर दो मैचों में 9 रन ही बना सके हैं। रिटेन किये गए खिलाड़ियों में रिंकू सिंह, आंद्रे रसेल, सुनील नारायण, हर्षित राणा और रमनदीप सिंह फॉर्म में नहीं हैं।

वहीं पहले मैच में छह विकेट पर 286 रन बनाने वाली सनराइजर्स पिछले दो मैचों में 200 रन भी नहीं बना पाई। बेहद आक्रामक बल्लेबाजी की रणनीति नाकाम रही है और पिछले दो मैचों में लखनऊ सुपर जाइंट्स और दिल्ली कैपिटल्स ने उसे हराया। पैट कमिंस की टीम को पिछले आईपीएल फाइनल में मिली हार का बदला चुकता करने के लिए अपने प्रदर्शन में काफी सुधार करना होगा। ईडन गार्डंस पर कमिंस और मोहम्मद शमी खतरनाक हो सकते हैं। घरेलू क्रिकेट में बंगाल के लिये खेलने वाले शमी का यह घरेलू मैदान है।

संभावित प्लेइंग 11 :
सनराइजर्स हैदराबाद :
ट्रैविस हेड, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, नितीश कुमार रेड्डी, हेनरिक क्लासेन (विकेटकीपर), अनिकेत वर्मा, अभिनव मनोहर, पैट कमिंस (कप्तान), जीशान अंसारी, हर्षल पटेल, मोहम्मद शमी, वियान मुल्डर

कोलकाता नाइट राइडर्स : सुनील नरेन, क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), अजिंक्य रहाणे (कप्तान), वेंकटेश अय्यर, अंगकृष रघुवंशी, रिंकू सिंह, आंद्रे रसेल, रमनदीप सिंह, स्पेंसर जॉनसन, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती, मनीष पांडे
समय : शाम 7:30 बजे।

Rana Sikander
लेखक: Rana Sikander

Versatile journalist with experience in conducting in-depth interviews, analyzing complex data, and producing compelling narratives.