LIVE बुधवार, 13 मई 2026
Advertisement Vastu Guruji
खेल

कोहली-रोहित की कमी तो खलेगी, लेकिन बुमराह…’, इंग्लैंड दौरे पर रवाना होने से पहले बोले कप्तान गिल

मुंबई

20 जून से टीम इंडिया का इंग्लैंड दौरा शुरू हो रहा है,जहां टीम को 5 मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है. इस सीरीज के लिए रवाना होने से पहले गुरुवार को नवनियुक्त टेस्ट कप्तान शुभमन गिल और टीम इंडिया के कोच गौतम गंभीर ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की. इस दौरान गिल ने कहा कि इस दौरे पर हमें विराट कोहली और रोहित शर्मा की कमी खलेगी. लेकिन हमें अपनी टीम पर पूरा भरोसा है.

कप्तान शुभमन गिल और कोच गंभीर ने क्या कहा

खिलाड़ियों के सेलेक्शन के सवाल पर कोच गंभीर ने कहा कि हम खिलाड़ियों को एक या दो मैच के आधार पर तय नहीं करते हैं. जिस टीम का सेलेक्शन इस टूर के लिए किया गया है हमें उसपर भरोसा है. वहीं, प्लेइंग इलेवन के सवाल पर उन्होंने कहा कि हम हर मैच की कंडीशन के हिसाब से अपनी प्लेइंग इलेवन तय करेंगे. इसीलिए 18 सदस्यीय टीम का ऐलान किया गया है.

विज्ञापन
Advertisement

गौतम गंभीर ने इस दौरे पर प्रेशर के सवालों पर कहा कि कोचिंग के दौरान मैं हमेशा दबाव में रहता हूं. जो सीरीज बीती हैं उसमें भी दबाव था. अब भी है. देश के लिए जीतना सबसे जरूरी है.

वहीं, प्लेइंग इलेवन के सवाल पर कोच गंभीर ने कहा कि सारी कंडीशन को देखकर खिलाड़ियों को चुना जाएगा. उसी के हिसाब से स्पिनर्स और तेज गेंदबाज शामिल किए जाएंगे. टेस्ट सीरीज में गेंदबाजों की भूमिका काफी अहम होती है. गंभीर ने कहा कि हम टेस्ट तभी जीतते हैं जब 20 विकेट चटकाते हैं.

वहीं, कप्तानी के सवाल पर गिल ने कहा कि जैसे-जैसे खिलाड़ी खेलता है वैसे-वैसे सिखता है. मुझे टीम से बातचीत करना और उन्हें समझना होगा. यही हमारी मजबूती होगी. मुझे खिलाड़ियों से संपर्क में रहना और उनकी परेशानियों को समझना अच्छा लगता है.

शुभमन गिल ने कहा- हमारे टीम में बुमराह जैसे दिग्गज गेंदबाज हैं. हमारी पेसर्स बहुत अच्छे हैं. हमारी गेंदबाजी बहुत आक्रामक होने वाली है. वहीं, कोच गंभीर ने कहा कि हमारी स्क्वॉड में काफी अच्छे प्लेयर्स हैं और हमें इस सीरीज में दबदबा बनाने की पूरी उम्मीद है. शुभमन गिल ने कहा कि विराट कोहली और रोहित शर्मा की गैरमौजूदगी में हम पर प्रेशर जरूर होगा. लेकिन इस टीम से हमें काफी उम्मीदें हैं.

इंग्लैंड दौरे के लिए 18 सदस्यीय भारतीय टीम: शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, ऋषभ पंत (उप-कप्तान/विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, रवींद्र जडेजा, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), अभिमन्यु ईश्वरन, शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, करुण नायर, वॉशिंगटन सुंदर, आकाश दीप, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव.

इंग्लैंड की धरती पर भारत का रिकॉर्ड

इंग्लैंड की धरती पर भारत की जीत का टेस्ट रिकॉर्ड अच्छा नहीं है. इंग्लैंड के खिलाफ उसके घर में भारत ने अब तक (1932-2022) 67 टेस्ट मैच खेले है. इनमें से भारत को सिर्फ 9 टेस्ट में जीत मिली है, जबकि 36 मैचों में हार झेलनी पड़ी. 22 मैच ड्रॉ रहे. महेंद्र सिंह धोनी (2011-2014) का कप्तान के तौर पर इंग्लैंड की धरती पर खराब रिकॉर्ड रहा. 9 टेस्ट मैचों में भारत को एक ही जीत मिली, जबकि इंग्लिश टीम को 7 में जीत मिली. एक मैच ड्रॉ रहा.

जानें 5 मैचों की सीरीज का पूरा शेड्यूल

भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज हेडिंग्ले के लीड्स क्रिकेट ग्राउंड पर शुरू होने वाली है, जिसका पहला मैच 20 से 24 जून तक होगा. अगला टेस्ट बर्मिंघम के एजबेस्टन क्रिकेट ग्राउंड में 2 से 6 जुलाई तक आयोजित किया जाएगा.तीसरा टेस्ट 10 जुलाई से 14 जुलाई तक लंदन के लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में होगा. फ‍िर मैनचेस्टर 23 जुलाई से 27 जुलाई तक ओल्ड ट्रैफर्ड में चौथे टेस्ट की मेजबानी करेगा. इस रोमांचक सीरीज का पांचवां और अंतिम मुकाबला 31 जुलाई से 4 अगस्त तक लंदन के द ओवल में खेला जाना है.
 

Rana Sikander
लेखक: Rana Sikander

Versatile journalist with experience in conducting in-depth interviews, analyzing complex data, and producing compelling narratives.