धरसींवा विधायक अनुज शर्मा ने शाला प्रवेश उत्सव में नवप्रवेशी बच्चों का स्वागत किया, मेधावी छात्रों को सम्मानित किया और खौना के लिए 15 लाख की सौगात दी।
रायपुर। धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम खौना स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित शाला प्रवेश उत्सव उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में धरसींवा विधायक अनुज शर्मा शामिल हुए। विद्यालय परिवार, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुआ, जिसके बाद विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।

शाला प्रवेश उत्सव के दौरान विधायक अनुज शर्मा ने विद्यालय में प्रवेश लेने वाले नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर, मिठाई खिलाकर और पुस्तकें भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासन बनाए रखने और जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करने की प्रेरणा दी। विधायक के स्नेहपूर्ण व्यवहार से बच्चों और अभिभावकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर पिछले शैक्षणिक सत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। विधायक ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उनके भविष्य की योजनाओं और करियर संबंधी लक्ष्यों की जानकारी ली तथा उन्हें निरंतर मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
अपने संबोधन में अनुज शर्मा ने कहा कि शिक्षा केवल परीक्षा में अंक प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और सपनों को साकार करने की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ-साथ खेल, कला और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत विधायक अनुज शर्मा ने विद्यार्थियों और शिक्षकों के साथ विद्यालय परिसर में पौधरोपण किया। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाते हुए पौधों की नियमित देखभाल करने का आग्रह किया।
शाला प्रवेश उत्सव के अवसर पर विधायक अनुज शर्मा ने ग्राम खौना के विकास के लिए 15 लाख रुपये की महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों और शिक्षकों की सुविधा के लिए 10 लाख रुपये की लागत से शेड निर्माण तथा ग्रामीणों की मांग पर मुक्तिधाम के विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए 5 लाख रुपये स्वीकृत करने की घोषणा की। इन घोषणाओं का ग्रामीणों और विद्यालय परिवार ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक-शिक्षिकाओं, अभिभावकों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही। सभी ने विधायक द्वारा शिक्षा और विकास को लेकर की गई घोषणाओं की सराहना करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।



