छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना में बड़ा संगठनात्मक बदलाव हुआ। धीरेंद्र साहू प्रदेश अध्यक्ष बने, जबकि विधिक टीम, महिला भागीदारी और भोजली महोत्सव पर रणनीति बनी।
छत्तीसगढ़ में करीब एक दशक से सक्रिय गैर-राजनीतिक संगठन छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना (CKS) में प्रदेश स्तर पर बड़ा संगठनात्मक बदलाव किया गया है। कोरबा के घंटाघर चौक स्थित सियान सदन में आयोजित प्रादेशिक बैठक में लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत नई प्रदेश टीम की घोषणा की गई।
बैठक में प्रदेशभर से पहुंचे जिला पदाधिकारी और सेनानियों ने संगठन को मजबूत करने, छत्तीसगढ़ियावाद को आगे बढ़ाने और स्थानीयता के मुद्दों पर जनजागृति अभियान तेज करने पर चर्चा की। इस दौरान राजधानी रायपुर के धीरेंद्र साहू को CKS का नया प्रदेश अध्यक्ष घोषित किया गया।
संगठन ने अधिवक्ता दिलीप मिरी को प्रदेश संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी है। वहीं कोरबा के अतुल दास महंत को कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया। उमगोपाल को प्रदेश उपाध्यक्ष चुना गया। बैठक में प्रदेश प्रभारी मोनी कठोत्रे, प्रदेश महामंत्री रूपेंद्र देवांगन और प्रदेश प्रवक्ता गजेंद्ररथ वर्मा सहित विभिन्न जिलों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
फर्जी FIR और कानूनी मामलों के लिए बनेगी विधिक टीम
CKS ने इस बार संगठन में विधिक टीम को भी मजबूत करने का निर्णय लिया है। अधिवक्ता सुनील मानिकपुरी को प्रदेश कार्यकारिणी में शामिल करते हुए उनकी लीगल टीम को संगठन से जोड़ा गया है। संगठन के अनुसार, पिछले वर्षों में विभिन्न आंदोलनों और मामलों में बड़ी संख्या में सेनानियों पर प्रकरण दर्ज हुए हैं। अब अधिवक्ताओं का पैनल कानूनी सलाह और मुकदमों में सहायता उपलब्ध कराने के लिए संगठन के साथ काम करेगा।
भोजली महोत्सव की तैयारियों पर भी चर्चा
बैठक में 29 अगस्त को आयोजित होने वाले भोजली महोत्सव की तैयारियों पर विशेष चर्चा हुई। संगठन ने प्रादेशिक त्योहारों को जिलेवार स्तर पर मनाने की रणनीति बनाई। महिला सेनानियों की भागीदारी बढ़ाने के लिए भी कार्ययोजना पर चर्चा की गई।
रायपुर से जिला पदाधिकारी नेहा वर्मा, जागेंद्र साहू, मनीष वर्मा और भामा साहू ने महिला टीम की भूमिका को लेकर विचार साझा किए। बैठक में कोरबा, जांजगीर, रायगढ़, बिलासपुर, रायपुर समेत कई जिलों से आए सेनानियों ने छत्तीसगढ़ की संस्कृति, भाषा और प्राकृतिक संसाधनों से जुड़े विषयों पर अपने विचार रखे।
नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष धीरेंद्र साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ की प्रादेशिकता को मजबूत करने के उद्देश्य से CKS का गठन हुआ है और संगठन अपने उद्देश्य को लेकर आगे भी मजबूती से काम करेगा। प्रदेश संयोजक अधिवक्ता दिलीप मिरी ने छत्तीसगढ़ियावाद और स्थानीय स्वाभिमान के मुद्दे पर संगठन की प्रतिबद्धता दोहराई।
प्रदेश प्रवक्ता गजेंद्ररथ वर्मा ने कहा कि सांस्कृतिक और भाषाई अस्मिता को लेकर प्रदेश में जागरूकता बढ़ रही है। उन्होंने युवाओं से सामाजिक मुद्दों के साथ आगे आने का आह्वान किया। बैठक के अंत में प्रदेश प्रभारी मोनी कठोत्रे ने प्रदेशवासियों से 29 अगस्त के भोजली महोत्सव में शामिल होने की अपील की।




