रायपुर। राजधानी रायपुर के मोतीबाग चौक स्थित यूनियन क्लब में “मेगा समर कैंप” का भव्य शुभारंभ किया गया। 6 मई 2026 से 15 जून 2026 तक आयोजित होने वाले इस समर कैंप के सिल्वर जुबली वर्ष को लेकर बच्चों, युवाओं और अभिभावकों में खास उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में खेल, सामाजिक और सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े कई प्रमुख लोग शामिल हुए।
समर कैंप के शुभारंभ अवसर पर छत्तीसगढ़ टेनिस संघ के अध्यक्ष एवं INH तथा हरिभूमि के प्रधान संपादक हिमांशु द्विवेदी, विधायक सुनील सोनी, विधायक पुरंदर मिश्रा और पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता यूनियन क्लब के अध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ टेनिस संघ महासचिव गुरुचरण सिंह होरा ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत विधिविधान और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद अतिथियों ने समर कैंप का औपचारिक उद्घाटन किया। समर कैंप के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर सिल्वर जुबली समारोह भी मनाया गया, जहां केक काटकर आयोजन की सफलता और निरंतरता का जश्न मनाया गया।
मुख्य अतिथियों ने अपने संबोधन में यूनियन क्लब की पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के समर कैंप बच्चों और युवाओं की प्रतिभा निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि खेल, कला और सांस्कृतिक गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद जरूरी हैं। ऐसे आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास को भी बढ़ाते हैं।
छत्तीसगढ़ टेनिस संघ के अध्यक्ष हिमांशु द्विवेदी ने कहा कि यूनियन क्लब लंबे समय से खेल और सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से समाज में सकारात्मक योगदान दे रहा है। उन्होंने बच्चों को खेल और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
विधायक सुनील सोनी और विधायक पुरंदर मिश्रा ने भी आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि समर कैंप बच्चों के लिए सीखने और अपनी प्रतिभा को निखारने का बेहतरीन मंच है। उन्होंने आयोजकों को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
यूनियन क्लब के अध्यक्ष गुरुचरण सिंह होरा ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पिछले 25 वर्षों से यह समर कैंप बच्चों और युवाओं को नई दिशा देने का कार्य कर रहा है। इस वर्ष भी विभिन्न खेल, सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में बच्चे हिस्सा लेंगे।
कार्यक्रम में यूनियन क्लब के उपाध्यक्ष विजय अग्रवाल, अवतार सिंह जुनेजा, अतुल शुक्ला सहित कई सदस्य और सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे। आयोजन में शहर के खेल और सामाजिक संगठनों की भागीदारी ने कार्यक्रम को और भव्य बना दिया।
समर कैंप के दौरान बच्चों के लिए खेल प्रशिक्षण, सांस्कृतिक गतिविधियां, व्यक्तित्व विकास और मनोरंजन से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजकों का कहना है कि इस शिविर का उद्देश्य बच्चों को गर्मी की छुट्टियों में सकारात्मक और रचनात्मक मंच उपलब्ध कराना है।








