LIVE बुधवार, 13 मई 2026
Advertisement Vastu Guruji
छत्तीसगढ़

सांसद मनोज तिवारी और बृजमोहन अग्रवाल ने छग टेनिस संघ के महासचिव गुरुचरण सिंह होरा का किया सम्मान

रायपुर सांसद खेल महोत्सव में सांसद मनोज तिवारी और बृजमोहन अग्रवाल ने छग टेनिस संघ के महासचिव गुरुचरण सिंह होरा का सम्मान किया और विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया।

रायपुर। राजधानी रायपुर के नेताजी सुभाष स्टेडियम में आयोजित सांसद खेल महोत्सव (रायपुर) के तीन दिवसीय मेगा फाइनल एवं समापन समारोह के दूसरे दिन भव्य आयोजन हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा सांसद और प्रसिद्ध गायक मनोज तिवारी तथा वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

खेल मैदान में बड़ी संख्या में मौजूद खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और नागरिकों की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ा दिया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न खेलों के विजेता खिलाड़ियों के साथ-साथ खेल विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले पदाधिकारियों और प्रशिक्षकों को भी सम्मानित किया गया।

छग टेनिस एसोसिएशन के महासचिव गुरुचरण सिंह होरा का सम्मान

समारोह का विशेष आकर्षण छत्तीसगढ़ टेनिस एसोसिएशन के महासचिव एवं ग्रैंड ग्रुप के चेयरमैन गुरुचरण सिंह होरा का सम्मान रहा। खेल जगत में उल्लेखनीय योगदान और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन करने के लिए उन्हें सम्मानित किया गया।

गौरतलब है कि गुरुचरण सिंह होरा ने हाल ही में डेविस कप में भारतीय टीम के समन्वयक के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जहां भारतीय टीम ने स्विट्ज़रलैंड के खिलाफ 3–1 से ऐतिहासिक जीत दर्ज की। इससे पहले वे ब्रिक्स गेम्स में भी टीम इंडिया के मैनेजर के रूप में चयनित होकर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ा चुके हैं।

विज्ञापन
Advertisement

सांसद मनोज तिवारी और वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने उन्हें मोमेंटो और शॉल भेंटकर सम्मानित किया। इस दौरान पूरे स्टेडियम में तालियों की गड़गड़ाहट गूंज उठी।

गुरुचरण सिंह होरा ने इस सम्मान के लिए आयोजकों और अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रायपुर खेल महोत्सव जैसे आयोजन युवाओं और खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं और इससे खेल संस्कृति को मजबूती मिलती है। उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन, समर्पण और मेहनत के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

विजेता खिलाड़ियों को मिला प्रोत्साहन

कार्यक्रम में विभिन्न खेल विधाओं के विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार और प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। खिलाड़ियों के चेहरों पर सम्मान और उत्साह साफ नजर आ रहा था। मंच से खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए मुख्य अतिथियों ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि जीवन में सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास भी बढ़ाते हैं।

मुख्य अतिथि ने व्यक्त किया आभार

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी खेल संघों, नगर निगम, जिला प्रशासन, खेल विभाग, पुलिस, शिक्षा विभाग, व्यायाम शिक्षकों, अभिभावकों और खेल प्रेमियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन राजधानी रायपुर की खेल संस्कृति और खिलाड़ियों के उत्साह का प्रतीक है।

बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे उपस्थित

समारोह में विधायक सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, महापौर मीनल चौबे, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर, उपाध्यक्ष जितेंद्र धुरंधर, कबड्डी संघ के अध्यक्ष विजय अग्रवाल, नगर निगम आयुक्त विश्वदीप, जिला पंचायत सीईओ कुमार विश्वरंजन सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, खिलाड़ी और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

मनोज तिवारी देंगे सांस्कृतिक प्रस्तुति

कार्यक्रम के अगले सत्र में सांसद और प्रसिद्ध गायक मनोज तिवारी द्वारा गीतों की प्रस्तुति दी जानी थी, जिसका दर्शकों को बेसब्री से इंतजार रहा। आयोजन स्थल पर सांस्कृतिक माहौल के साथ उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला।

13 खेल विधाओं में मुकाबले

सांसद खेल महोत्सव के तहत कुश्ती, खो-खो, शतरंज सहित कुल 13 खेल विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें विभिन्न आयु वर्ग के सैकड़ों खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। महोत्सव का उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना और छिपी हुई प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है।

आयोजकों ने बताया कि इस आयोजन से खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ा है और राजधानी में खेल संस्कृति को नई ऊर्जा मिली है। कार्यक्रम के समापन पर विजेता खिलाड़ियों को मुख्य अतिथियों के हाथों पुरस्कार भी प्रदान किए गए।



Heshma lahre
लेखक: Heshma lahre

Heshma lahre is a dedicated journalist at Dabang Awaz, known for her comprehensive coverage across all news categories, delivering accurate and timely reports with integrity.